uttar bharat liveउत्तराखंडक्राइमयुवा

देहरादून में मासूम से दरिंदगी! अश्लील वीडियो दिखाकर 6 साल की बच्ची को बनाया शिकार

देहरादून: राजधानी देहरादून में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में 15 वर्षीय विधि विवादित किशोर पर बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि किशोर पहले बच्ची को बहाने से अपने साथ ले गया और मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया। इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किशोर को पकड़ लिया।

खेलने के बहाने बच्ची को ले गया किशोर

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार देर शाम की है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि लेबर कॉलोनी में एक किशोर ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

आरोप है कि सोमवार शाम किशोर खेल-खेल में बच्ची को अपने साथ ले गया था। वहां उसने बच्ची को अपने मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। लोगों ने किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

दोनों परिवार बिहार के रहने वाले

बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची और आरोपी किशोर, दोनों के परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। दोनों परिवार देहरादून में मजदूरी करते हैं और उनके घर भी आसपास ही हैं। घटना के बाद बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

मुकदमा दर्ज, किशोर को संरक्षण गृह भेजा

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी 15 वर्षीय विधि विवादित किशोर को हिरासत में लेकर संरक्षण में भेज दिया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई की। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। विधि विवादित किशोर को संरक्षण में भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *