रुड़की में दो सड़क हादसे, महिला और युवक की दर्दनाक मौत
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई। एक हादसे में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार परिवार की महिला की जान चली गई, जबकि दूसरे हादसे में मिनी ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार युवक ने दम तोड़ दिया। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
सालियर में ट्रक की चपेट में आई बाइक, महिला की मौत
पहला हादसा रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह सालियर गांव के पास हाईवे पर हुआ। यहां बाइक पर पति और दो बच्चों के साथ जा रही 29 वर्षीय जावेदा को एक ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पति और दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, जावेदा पत्नी मोहम्मद मुसाद, निवासी बसेड़ा, थाना किरतपुर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), शनिवार सुबह अपने पति और दो बच्चों के साथ बाइक से बिजनौर स्थित अपने घर जा रही थी। परिवार अभी सालियर गांव के पास हाईवे पर पहुंचा ही था कि इसी दौरान एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से जावेदा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पति और बच्चों की चीख-पुकार से मौके पर मौजूद लोगों का कलेजा कांप उठा। महिला की मौत की खबर फैलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और आक्रोशित लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी देर तक मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने जाम खुलवाकर महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवा दिया।
कलियर में मिनी ट्रक की टक्कर से स्कूटर सवार युवक की मौत
दूसरा हादसा पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र में हुआ। यहां दौलतपुर गांव निवासी अनुज पुत्र शिवराम अपने स्कूटर से धनौरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक मिनी ट्रक ने उसके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनुज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही धनौरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं, युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में ले लिया है और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
दोनों वाहनों को पुलिस ने लिया कब्जे में
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिए गए हैं। दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें-“विधायक और मंत्री बाद में हूं, सबसे पहले आपकी बेटी हूं” – रेखा आर्या
ये भी पढ़ें-सीएम धामी ने किया गौचर मेले का शुभारंभ, लोकल उत्पादों को लेकर कही बड़ी बात

