सीएम धामी ने किया गौचर मेले का शुभारंभ, लोकल उत्पादों को लेकर कही बड़ी बात
देहरादून/चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को चमोली जिले के दौरे के दौरान गढ़वाल के प्रसिद्ध राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर विकसित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संजोने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को धरातल पर उतारने में ऐसे मेलों की अहम भूमिका है। इनके माध्यम से स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक हुनर और क्षेत्रीय संस्कृति को पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि मेले पीढ़ियों को आपस में जोड़ने का काम करते हैं। इसलिए इनकी परंपरा को सहेजना और आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
गांवों में ही युवाओं को रोजगार देने पर सरकार का जोर
सीएम धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि युवाओं को रोजगार के लिए अपने गांव और क्षेत्र से बाहर जाने को मजबूर न होना पड़े। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को आगे बढ़ाकर उनकी आय में वृद्धि की जा सकती है।
इसी उद्देश्य से सरकार ने पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति, सौर स्वरोजगार योजना समेत विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
चमोली के उत्पादों को देश-दुनिया में पहचान दिलाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने चमोली के स्थानीय उत्पादों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां का ऊनी हस्तशिल्प, दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां काफी महत्वपूर्ण हैं। सरकार चाहती है कि ये उत्पाद केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि देश और दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचें।
उन्होंने बताया कि इसी दिशा में ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। मुख्यमंत्री ने इसे केवल व्यावसायिक उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक बताया।
सांस्कृतिक विरासत और व्यापार का पुराना केंद्र रहा है गौचर मेला
गौचर मेला लंबे समय से आयोजित होता आ रहा है और इसका ऐतिहासिक महत्व रहा है। एक समय इसे उत्तराखंड के सबसे बड़े मेलों में गिना जाता था। यह मेला सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ व्यापार और कृषि से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी विशेष पहचान रखता है।
मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती रही हैं। इनमें हिस्सा लेने के लिए उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के साथ देश के दूसरे राज्यों से भी कलाकार और खिलाड़ी गौचर पहुंचते थे।
गौचर मेले का कृषि आयोजन भी खास आकर्षण रहा है। यहां प्रदर्शित होने वाली बड़ी-बड़ी लौकी और लंबी मूली लोगों के बीच चर्चा का विषय बनती थीं। इनकी लंबाई देखकर मेला देखने आने वाले लोग भी हैरान रह जाते थे।
ऐतिहासिक व्यापारिक मेले के रूप में पहचान रखने वाले गौचर मेले में आज भी जिले के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। यह आयोजन स्थानीय संस्कृति, परंपराओं, व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक मंच पर लाने का काम करता है।

