राहुल गांधी की रैली से लौट रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता की दर्दनाक मौत,दो गंभीर घायल
राहुल गांधी की रैली से लौट रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता की दर्दनाक मौत, दो गंभीर घायल
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राहुल गांधी की जनसभा से लौट रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कार कांचुला पुल के पास अनियंत्रित होकर पैराफिट तोड़ते हुए करीब 50 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुंदन सिंह बथ्याल (70) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कुंदन सिंह बथ्याल अपने साथियों गणेश कुमार (32) और भूपेंद्र प्रसाद (25) के साथ पिथौरागढ़ जिले के नाचनी क्षेत्र से राहुल गांधी की जनसभा में शामिल होने अल्मोड़ा पहुंचे थे। लेकिन खराब मौसम के कारण कार्यक्रम रद्द होने के बाद वे वापस अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान अल्मोड़ा-शेराघाट मोटर मार्ग पर स्थित कांचुला पुल के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पैराफिट तोड़कर गहरी खाई में नदी तक जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कुंदन सिंह बथ्याल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दोनों घायल यात्रियों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
कुंदन सिंह बथ्याल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। वे मुनस्यारी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख, पूर्व जिला पंचायत सदस्य और नाचनी व्यापार संघ के अध्यक्ष भी रह चुके थे। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। कई राजनीतिक नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
