उत्तराखंड

1 मई से लागू होंगे नए वित्तीय नियम: LPG, क्रेडिट कार्ड और ऑनलाइन गेमिंग में बड़े बदलाव

नए महीने की शुरुआत के साथ ही 1 मई 2026 से देशभर में कई महत्वपूर्ण वित्तीय बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की दिनचर्या और खर्च पर पड़ सकता है। हर महीने की तरह इस बार भी सरकारी तेल कंपनियां गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करेंगी। यदि दरों में बदलाव होता है, तो इसका प्रभाव घरेलू रसोई के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर भी देखने को मिलेगा। जानकारी यह भी सामने आ रही है कि सरकार एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी को और सुरक्षित बनाने के लिए OTP आधारित प्रणाली लागू करने पर विचार कर रही है।

वहीं, देश के सबसे बड़े बैंक, भारतीय स्टेट बैंक ने अपने क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में संशोधन किया है। 1 मई से लागू होने वाले इन नए नियमों के तहत लेट पेमेंट चार्ज में बदलाव किया गया है। अब 100 से 500 रुपये तक के बकाए पर 100 रुपये का शुल्क लगेगा, जबकि 500 से 1000 रुपये तक की देनदारी पर यह चार्ज 500 रुपये तक हो सकता है। इसके अलावा कुछ क्रेडिट कार्ड्स पर सालाना फीस में भी संशोधन किया गया है, जिसमें पहले 50 हजार रुपये के वार्षिक खर्च पर मिलने वाली छूट अब 1 लाख रुपये खर्च करने पर उपलब्ध होगी।

इसी तरह सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में भी हर महीने की पहली तारीख को संशोधन किया जाता है। यदि इनकी दरों में बढ़ोतरी होती है, तो वाहन चालकों और घरेलू उपयोगकर्ताओं की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ सकता है। गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में इनकी कीमतों में भारी वृद्धि की गई थी, जिसे बाद में वापस लेना पड़ा।

बैंकिंग सेवाओं की बात करें तो मई महीने में कई छुट्टियां निर्धारित हैं। दूसरे और चौथे शनिवार के अलावा सभी रविवार को बैंक बंद रहेंगे। इसके साथ ही 1 मई को मजदूर दिवस और महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर अवकाश रहेगा, जबकि बकरीद जैसे त्योहारों पर भी विभिन्न राज्यों में छुट्टियां रहेंगी। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि छुट्टियां राज्य के अनुसार अलग-अलग हो सकती हैं, इसलिए बैंक जाने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी लेना बेहतर रहेगा। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।

इसके अलावा, ऑनलाइन गेमिंग सेक्टर में भी बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। 1 मई से नए ऑनलाइन गेमिंग नियम 2026 लागू किए जाएंगे, जिनके तहत “ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया” का गठन किया जाएगा। इन नियमों के तहत ऑनलाइन गेम्स को तीन श्रेणियों—ऑनलाइन मनी गेम्स, ऑनलाइन सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स—में विभाजित किया जाएगा। साथ ही इन प्लेटफॉर्म्स के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा और खिलाड़ियों के लेनदेन की कड़ी निगरानी की जाएगी।

कुल मिलाकर, 1 मई से लागू हो रहे ये बदलाव आम जनता के खर्च, बैंकिंग व्यवहार और डिजिटल गतिविधियों पर व्यापक असर डाल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *