उत्तराखंड

कार्बेट में फिर मंगला की एंट्री, अब पोचिंग और मानव-वन्यजीव संघर्ष पर होगी नजर

देहारादून । कार्बेट टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर शासन ने बड़ा फैसला लिया है। खटीमा निवासी दिनेश सिंह मंगला को दोबारा कार्बेट टाइगर रिजर्व का वाइल्ड लाइफ वार्डन यानी वन्य जीव प्रतिपालक नियुक्त किया गया है। प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने गुरुवार को उनकी नियुक्ति के संबंध में आदेश जारी किए।

दिनेश सिंह मंगला इससे पहले भी कार्बेट टाइगर रिजर्व में इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुके हैं। उनके पूर्व अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए शासन ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।

नई जिम्मेदारी संभालने के बाद मंगला ने कहा कि कार्बेट में अवैध शिकार यानी पोचिंग पर सख्ती से रोक लगाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों की सुरक्षा और उनमें सुधार के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना भी उनके एजेंडे में प्रमुख रहेगा। उन्होंने कहा कि जंगली जानवरों और इंसानों के बीच होने वाले टकराव को न्यूनतम करने की दिशा में प्राथमिकता से काम किया जाएगा। किसी वन्यजीव हादसे में पीड़ित पक्ष को त्वरित मुआवजा दिलाने के लिए आकलन और प्रबंधन व्यवस्था को भी प्रभावी बनाया जाएगा।

इसके अलावा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात भी उन्होंने कही है।

दिनेश सिंह मंगला ने अपनी नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वन मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताया। वहीं, उन्हें दोबारा कार्बेट टाइगर रिजर्व में जिम्मेदारी मिलने से स्थानीय लोगों में भी उत्साह है। क्षेत्रवासियों ने उनकी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और मंगला को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *