उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, 7 की मौत और 5 घायल
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल): उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार, 28 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी एक ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि पांच अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव की ओर जा रहा था। गांव पहुंचने से पहले ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल हैं। कार के मालिक अनिल देवराड़ा ही वाहन चला रहे थे।
बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई थीं। वे दीदी-भुलि योजना के फॉर्म भरने के सिलसिले में रिखणीखाल गई थीं और वहां से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल सक्रिय हो गए। रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से अधिकारी एवं बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। खाई में गिरे वाहन से घायलों को निकालने और उन्हें उपचार के लिए पहुंचाने का काम जारी है।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-उत्तराखंड चुनाव 2027: तीसरे दलों के 14.79% वोट से बदलेगा सत्ता का गणित? गठबंधन की कोशिशों पर टिकी नजरें

