हरिद्वार में IB अफसर पर फायरिंग, अपने ही चालक ने चलाई गोली
हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही चालक ने गोली चला दी। गोली माथे के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंटेलिजेंस ब्यूरो के एक वरिष्ठ अधिकारी पर उनके ही चालक ने फायरिंग कर दी। कनखल थाना क्षेत्र स्थित आईबी के क्षेत्रीय कार्यालय में हुई इस घटना में एसपी सीपी नौटियाल घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सीपी नौटियाल हरिद्वार में इंटेलिजेंस ब्यूरो में एसपी के पद पर तैनात हैं। बताया जा रहा है कि उनके और चालक के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। इसी नाराजगी के चलते चालक ने उन पर गोली चला दी।
फायरिंग के दौरान गोली एसपी के माथे के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई इस घटना से कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी को अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक हिरासत में, हमले की वजह खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जानकारी में अधिकारी और चालक के बीच पुरानी नाराजगी की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और चालक ने किन परिस्थितियों में फायरिंग की, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घायल आईबी अधिकारी का अस्पताल में उपचार जारी है।
योगी की मां के अंतिम संस्कार के बीच फायरिंग से मचा हड़कंप
इस घटना के बीच हरिद्वार में एक और बड़ा कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली से कई मंत्री, विधायक और सांसद सहित विभिन्न राजनीतिक हस्तियां पहुंची थीं।
शहर में वीवीआईपी मूवमेंट के बीच आईबी अधिकारी पर फायरिंग की घटना सामने आने से हलचल बढ़ गई। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि चालक ने आखिर किन कारणों से अपने ही अधिकारी पर गोली चलाई।
ये भी पढ़ें-सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ की मां स्वर्गीय सावित्री देवी को दी श्रद्धांजलि
ये भी पढ़ें-‘ये प्रेम मोल लिया’ को मिला यू/ए सर्टिफिकेट, 27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

