उत्तराखंडराजनीति

हरिद्वार से BJP का चुनावी शंखनाद, 900 नेताओं की मौजूदगी में बनेगी 2027 की रणनीति

राजनाथ सिंह से लेकर सीएम धामी तक होंगे शामिल, दो दिवसीय बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर होगा मंथन

हरिद्वार: उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में भाजपा ने हरिद्वार से चुनावी तैयारियों को गति देने की कवायद शुरू कर दी है। आज से हरिद्वार में पार्टी की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होने जा रही है। इसमें संगठन के करीब 900 नेताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। बैठक का मुख्य एजेंडा प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगामी चुनावी रणनीति और संगठन की कार्ययोजना तैयार करना है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

पहले दिन मोर्चों और प्रकोष्ठों की होगी समीक्षा

कार्यसमिति के कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे उद्घाटन सत्र के साथ होगी। पहले दिन पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी। सुबह 11 बजे संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठों की कार्यसमिति में पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

इन बैठकों में संगठन की ओर से अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आने वाले दिनों में पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इन बैठकों में मौजूद रहेंगे।

सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों की पूरी जानकारी के साथ पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। पहले दिन शाम को दूसरे चरण में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी।

22 नवंबर को राजनाथ सिंह करेंगे संबोधित

बैठक का सबसे महत्वपूर्ण चरण 22 नवंबर को आयोजित होगा। इस दिन विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी, जिसमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस बैठक में करीब 1800 नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रतिभाग करने की जानकारी दी गई है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी 22 नवंबर को हरिद्वार पहुंचेंगे और कार्यसमिति को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन के साथ ही बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति और जिम्मेदारियों पर विशेष चर्चा होगी।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

भाजपा की इस बैठक में केवल चुनावी तैयारियों पर ही नहीं, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने पर भी जोर रहेगा। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने जैसे मुद्दे प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे।

पार्टी का लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा और आगे की रणनीति तैयार करना इस बैठक का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

हरिद्वार की 11 सीटों पर भी रहेगी नजर

इस बैठक के लिए हरिद्वार को चुने जाने को लेकर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने इसे महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक हरिद्वार में होना काफी अहम है। साथ ही उन्होंने कहा कि हरिद्वार जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर भाजपा बेहतर प्रदर्शन करेगी।

हालांकि, जिले का पिछला चुनावी आंकड़ा पार्टी के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती भी रखता है। हरिद्वार जिले की कुल 11 विधानसभा सीटों में से पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा केवल तीन सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई थी।

ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले हरिद्वार में होने वाली यह बैठक संगठन के लिए खास महत्व रखती है। अब देखना होगा कि दो दिनों के मंथन के बाद पार्टी प्रदेशभर में चुनावी तैयारियों को लेकर क्या नई रूपरेखा तय करती है।

ये भी पढ़ें-मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की भेंट

ये भी पढ़ें-मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने किया ‘हिमालयन भोजनालय’ का उद्घाटन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *