कॉलेज की रंजिश बनी जानलेवा: बीटेक छात्रों की भिड़ंत में एक युवक की मौत, तीन हिरासत में
प्रेमनगर क्षेत्र में कॉलेज के भीतर चल रही पुरानी रंजिश ने सोमवार रात खतरनाक मोड़ ले लिया, जब बीटेक के छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। वर्चस्व की इस लड़ाई में हुई हिंसक मारपीट ने एक युवक की जान ले ली, जबकि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन छात्रों को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रेमनगर पुलिस को देर रात सूचना मिली कि केहरी गांव में कुछ युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उसके साथी तुरंत प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची, जहां 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना, निवासी मुजफ्फरनगर, की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मानवता दिखाते हुए एम्बुलेंस खराब होने पर अपने सरकारी वाहन से ही घायल को दून अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को भी सूचित किया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद देर रात इलाज के दौरान दिव्यांशु ने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं और उनके बीच कॉलेज में वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते 23 मार्च की रात यह खूनी संघर्ष हुआ।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य शामिल छात्रों की तलाश जारी है। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और कॉलेज कैंपस में बढ़ती हिंसा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
