उत्तराखंड

बद्रीनाथ धाम बनेगा देश का पहला Spiritual Smart Hill Town, मास्टर प्लान से बदलेगी तस्वीर

भू-वैकुंठ बद्रीनाथ धाम अब नए और भव्य स्वरूप में दुनिया के सामने आने वाला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने बदरीनाथ को देश का पहला ‘स्प्रिचुअल स्मार्ट हिल टाउन’ बनाने का निर्णय लिया है। यह केवल पुनर्निर्माण कार्य नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और आधुनिक तकनीक का समावेश है।

हाल ही में मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि यह योजना बहु-आयामी और चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही है। उद्देश्य श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं देने के साथ दिव्य और व्यवस्थित अनुभव प्रदान करना है।

मास्टर प्लान का प्रमुख आकर्षण ‘देव दर्शनी पॉइंट’ होगा, जहां पहुंचते ही श्रद्धालुओं को बदरीनाथ धाम के प्रथम दर्शन भव्य रूप में होंगे। इसके साथ ‘बदरीनारायण चौक’ को प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

धाम स्थित आईएसबीटी की दीवारों पर स्थानीय कला और धार्मिक विषयों पर आधारित भित्ति चित्र बनाए जा रहे हैं। वहीं ‘वसुधा वाटिका’ में प्रकृति और आध्यात्मिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

मंदिर परिसर और आसपास पाञ्चजन्य शंख, कौमोदकी गदा, सुदर्शन चक्र, वैकुण्ठ द्वार, शेषनेत्र कलाकृति और पंच तत्व थीम आधारित संरचनाएं विकसित की जा रही हैं। शाम की आरती के लिए विशेष दिया आरती स्थल भी बनाया जाएगा।

सरकार का लक्ष्य बदरीनाथ धाम को ऐसा स्वरूप देना है, जहां आधुनिकता और आध्यात्मिकता दोनों का अद्भुत संगम दिखाई दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *