uttar bharat liveउत्तराखंड

घास काटने गई महिला को गुलदार ने बनाया शिकार! पौड़ी में दहला देने वाला हमला, गांव में दहशत

पौड़ी गढ़वाल जिले के लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के नैनीडांडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा बणासी तल्ली से शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। गांव के समीप जंगल में घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने वन विभाग से आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह गांव की दो महिलाएं, शांति देवी और सुशीला देवी, रोजमर्रा की तरह जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में पहले से घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और गुलदार उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।

घटना के समय साथ मौजूद शांति देवी ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। आवाज सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर सुशीला देवी का शव बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। मामले की जानकारी क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप रावत को भी दी गई है। घटना के बाद बणासी तल्ली सहित आसपास के गांवों में लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण जंगल या खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ी हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग की है कि गुलदार को तत्काल पकड़ा जाए, प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं।

वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। गुलदार की निगरानी के लिए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूरे इलाके में वन विभाग की टीम लगातार गश्त करेगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित शूटर को भी तैनात कर दिया गया है।

वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि फिलहाल कोई भी व्यक्ति अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाए। यदि कहीं भी गुलदार दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *