उत्तराखंड

महिला अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप, केशव थलवाल पर मुकदमा दर्ज

देहरादून की कोतवाली नगर में एक महिला अधिवक्ता की शिकायत पर केशव थलवाल के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने महिला अधिवक्ता का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न किया, साथ ही सोशल मीडिया पर झूठे वीडियो प्रसारित कर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता विशेष रूप से सक्षम (Specially Abled) बताई गई है।

 

पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में महिला अधिवक्ता ने बताया कि उसकी पहचान “जागो उत्तराखण्ड” नामक फेसबुक पेज के माध्यम से केशव थलवाल से हुई थी। शिकायत के अनुसार, आरोपी स्वयं को पीड़ित और पुलिस प्रताड़ित बताकर लोगों की सहानुभूति हासिल करता था। महिला का आरोप है कि केशव थलवाल ने भावनात्मक और सामाजिक संघर्षों की बातें कर उसका विश्वास जीता और अपनी खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देकर गूगल पे समेत अन्य माध्यमों से उससे धनराशि प्राप्त की।

 

महिला अधिवक्ता का आरोप है कि जब उसने अपनी धनराशि वापस मांगी तो आरोपी ने उपहासपूर्ण और अपमानजनक व्यवहार करते हुए पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही उसकी निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई।

 

शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने अपने परिचितों और दोस्तों के बीच महिला को अपनी गर्लफ्रेंड बताकर उससे शादी करने का दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपी ने उत्तराखंड में अपने जनसमर्थन का हवाला देते हुए झूठे वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी।

 

महिला अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि केशव थलवाल ने आत्महत्या करने और सुसाइड नोट में उसका नाम लिखकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। शिकायत के अनुसार, 3 मई 2026 को एक अज्ञात नंबर से त्रिलोक नकोटी नामक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि केशव थलवाल ने आत्महत्या का प्रयास किया है और वह कैलाश अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने महिला को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए आरोपी से विवाह करने का दबाव बनाया और मना करने पर सामाजिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी।

 

महिला अधिवक्ता की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर में मु0अ0सं0-183/2026 के तहत धारा 318(2), 351(3) और 78 बीएनएस में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *