रुद्रप्रयाग में मौसम का कहर: केदारनाथ यात्रा पर ब्रेक, यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया
रुद्रप्रयाग जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर संचालित सभी यात्रियों को तत्काल प्रभाव से निकटतम होल्डिंग स्थलों और सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जारी आदेशों के अनुसार भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील जोनों और यात्रा मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मौसम सामान्य होने तक किसी भी यात्री को आगे बढ़ने की अनुमति न दी जाए। प्रशासन ने सभी यात्रियों को सुरक्षित होल्डिंग क्षेत्रों में ठहराने के साथ भोजन, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
केदारनाथ यात्रा मार्ग सहित जनपद के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल, डीडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनडीडीएफ और अन्य संबंधित विभागों को उच्च स्तर की सतर्कता बरतने को कहा गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की आपदा, भूस्खलन, सड़क अवरोध, दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराई जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों को बिना देरी संचालित किया जा सके।
लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन विभिन्न विभागों के माध्यम से संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी कर रहा है और हालात पर नजर बनाए हुए है।
जिला प्रशासन ने यात्रियों, स्थानीय नागरिकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें। साथ ही अफवाहों से बचें और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा करने से परहेज करें। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं उठाया जाएगा।
आपातकालीन सहायता के लिए प्रशासन ने 8958757335 और 8218326386 नंबर जारी किए हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रियों की आवाजाही दोबारा शुरू की जाएगी।
