दर्दनाक सड़क हादसा: ओवरटेकिंग बनी वजह, दो की मौके पर ही मौत
ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा के चकरपुर क्षेत्र में बीती देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। चकरपुर-बनबसा मार्ग पर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बाइक सवार युवक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे और सामने से आ रही कार से सीधी भिड़ंत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल में मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही चकरपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। दोनों गंभीर रूप से घायल युवकों को 108 एंबुलेंस से खटीमा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
टक्कर इतनी जबरदस्त कि बाइक के दो टुकड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक कार में घुसते हुए दो हिस्सों में बंट गई। इसी वजह से दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
मृतकों की पहचान, परिवारों में मातम
मृतकों की पहचान नावेद खान (29 वर्ष), पुत्र बाबू खान और नमन (25 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र कुमार, निवासी वार्ड नंबर 13 खटीमा के रूप में हुई है। दोनों की असमय मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
डैशबोर्ड कैमरे में कैद हुआ हादसा
इस दर्दनाक दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम कार में लगे डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि ओवरटेकिंग के दौरान बाइक सीधे कार से टकरा गई।
नई-नई हुई थी दोनों की शादी
जानकारी के मुताबिक नावेद की शादी को डेढ़ से दो साल ही हुए थे, जबकि नमन मौर्य की शादी को करीब एक साल हुआ था। दोनों अपने पीछे रोते-बिलखते परिवार छोड़ गए हैं।
पुलिस जांच जारी
चकरपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई विकास कुमार के अनुसार,
“चकरपुर-बनबसा मार्ग पर हादसा हुआ है, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।”
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
