uttar bharat liveअंतर्राष्ट्रीयउत्तराखंड

6 साल बाद जौलजीबी मेले में लौटा तिब्बती बाजार, उमड़ी खरीदारों की भीड़

भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर सजा ऐतिहासिक मेला, तिब्बत से पहुंचे ऊनी कपड़े, कंबल, जैकेट और पारंपरिक वस्तुओं ने बढ़ाया आकर्षण

पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर लगने वाले ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय जौलजीबी मेले में इस बार रौनक कुछ अलग नजर आ रही है। करीब छह साल के लंबे अंतराल के बाद तिब्बत (चीन) से व्यापारिक गतिविधियां फिर शुरू होने के साथ ही मेले में पारंपरिक तिब्बती उत्पादों की दुकानें भी सज गई हैं। लंबे समय से इन सामानों का इंतजार कर रहे स्थानीय लोगों और खरीदारों के लिए यह मेला खास बन गया है। तिब्बत से लाई गई पारंपरिक वस्तुओं को देखने और खरीदने के लिए दुकानों पर लोगों की भीड़ जुट रही है। वहीं, नेपाल से पहुंच रहे व्यापारियों और नागरिकों की मौजूदगी ने मेले के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को और जीवंत कर दिया है।

पिथौरागढ़ जिले की धारचूला तहसील में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित होने वाला यह मेला केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के सदियों पुराने सामाजिक एवं सांस्कृतिक संबंधों की पहचान भी है। इस बार तिब्बती उत्पादों की वापसी ने मेले की पुरानी व्यापारिक परंपरा को फिर से चर्चा में ला दिया है।

1914 में हुई थी ऐतिहासिक मेले की शुरुआत

जौलजीबी मेले का इतिहास वर्ष 1914 से जुड़ा है। बताया जाता है कि इसकी शुरुआत अस्कोट के पाल ताल्लुकदार गजेंद्र बहादुर पाल ने की थी। भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर लगने वाला यह मेला लंबे समय तक भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच व्यापारिक आदान-प्रदान का प्रमुख माध्यम रहा है। यहां अलग-अलग क्षेत्रों के व्यापारी अपने उत्पाद लेकर पहुंचते थे और खरीद-बिक्री के साथ ही लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलता था।

तिब्बत से आए कंबल, जैकेट और ऊनी सामान बने आकर्षण

कोरोना महामारी के बाद भारत और चीन (तिब्बत) के बीच व्यापार प्रभावित होने से मेले में तिब्बती उत्पादों की उपलब्धता भी बंद हो गई थी। इसका असर मेले की पारंपरिक व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ा। करीब छह साल बाद व्यापार दोबारा शुरू होने से इस बार तिब्बत से कई तरह की वस्तुएं जौलजीबी पहुंची हैं।

इनमें चरू, कंबल, जैकेट, जूते, छिरबी और अन्य पारंपरिक उपयोग की सामग्रियां शामिल हैं। खासतौर पर ऊनी वस्त्र, गर्म कपड़े और भारी-भरकम मखमली रजाइयां खरीदारों का ध्यान खींच रही हैं। स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे लोग भी इन दुकानों पर खरीदारी कर रहे हैं।

चीन से सामान लेकर लौटीं व्यापारी सुधा के मुताबिक, इस बार व्यापार के दौरान कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। बर्फबारी के कारण आवाजाही प्रभावित हुई और अनुमति से जुड़ी दिक्कतों के चलते अपेक्षा के अनुरूप सामान नहीं लाया जा सका। इसके बावजूद व्यापारी चरू, कंबल, जैकेट, जूते, छिरबी समेत कई नए उत्पाद लेकर मेले में पहुंचे हैं।

ये भी पढ़ें-रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: बारात से लौट रही बोलेरो खाई में गिरी, चार की मौत, छह घायल

ये भी पढ़ें-उत्तराखंड में 8 घंटे में 2 भीषण हादसे, 13 की मौत, 31 घायल; राष्ट्रपति और PM ने जताया दुख

नेपाल के व्यापारियों की मौजूदगी से गुलजार हुआ बाजार

जौलजीबी मेले में नेपाल से भी बड़ी संख्या में व्यापारी और आम नागरिक पहुंच रहे हैं। नेपाली व्यापारियों की भागीदारी से बाजार में चहल-पहल बढ़ी है। दोनों देशों के लोगों की आवाजाही से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिल रही है।

नेपाल के स्थानीय निवासी जय दत्त ओझा बताते हैं कि पहले यह मेला भारत, तिब्बत और नेपाल तीनों देशों के बीच व्यापार का बड़ा माध्यम हुआ करता था। वर्तमान में व्यापार मुख्य रूप से भारत और नेपाल के बीच हो रहा है। उनके अनुसार, यह मेला दोनों देशों के आपसी रिश्तों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

वहीं, नेपाल के व्यापारी दशरथ चंद का कहना है कि पहले इस मेले में भारत और नेपाल के बीच वस्तुओं का आदान-प्रदान बड़े स्तर पर होता था, लेकिन ऑनलाइन खरीदारी का चलन बढ़ने से अब पहले जैसी व्यापारिक गतिविधियां नहीं रह गई हैं। इसके बावजूद मेले का ऐतिहासिक और व्यापारिक महत्व आज भी बरकरार है।

तीन देशों की साझा विरासत को फिर मिली पहचान

व्यापार संघ जौलजीबी के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, पहले यह मेला भारत, नेपाल और तिब्बत के व्यापारियों की भागीदारी से अपनी अलग पहचान रखता था। कोरोना काल में भारत और चीन (तिब्बत) के बीच व्यापार बंद होने से इस परंपरा को झटका लगा था। अब व्यापार दोबारा शुरू होने के बाद तिब्बत से आयात किए गए सामान की बिक्री मेले में हो रही है, जिससे इसकी रौनक बढ़ी है।

जौलजीबी मेला सीमांत उत्तराखंड की ऐतिहासिक व्यापारिक परंपरा का अहम हिस्सा है। यहां स्थानीय हस्तशिल्प, ऊनी वस्त्र और सीमावर्ती क्षेत्रों के पारंपरिक उत्पादों की बिक्री के साथ लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है। छह साल बाद तिब्बती उत्पादों की वापसी ने मेले के पुराने स्वरूप को फिर से जीवंत किया है। स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बढ़ी हुई चहल-पहल से कारोबार को फायदा मिलेगा और सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।

ये भी पढ़ें-गूलर के पास भीषण सड़क हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, 8 की मौत, 26 घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *