उत्तराखंड

विशेष सत्र आज: देहरादून में ट्रैफिक अलर्ट, लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर होगी कार्रवाई

उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र आज यानी 28 अप्रैल को सुबह 11 बजे से शुरू होगा। सत्र को लेकर देहरादून पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर में ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है, वहीं ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधानसभा सत्र के दौरान संभावित धरना-प्रदर्शन और भीड़ को देखते हुए शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर बैरियर प्वॉइंट बनाए गए हैं। इनमें प्रगति विहार बैरियर, शास्त्री नगर बैरियर, बाईपास बैरियर, डिफेंस कॉलोनी बैरियर और विधानसभा तिराहा बैरियर शामिल हैं।

सत्र के दौरान शहर में ट्रैफिक दबाव को देखते हुए कई रूट डायवर्ट किए जाएंगे। सभी भारी वाहनों को कारगी चौक और डोईवाला से दूधली रोड की ओर मोड़ा जाएगा। रिस्पना क्षेत्र में यातायात बढ़ने पर भारी वाहनों को आंशिक रूप से लालतप्पड़, हर्रावाला और नयागांव में रोका जाएगा।

देहरादून से हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी और चमोली जाने वाले वाहनों को नेहरू कॉलोनी और फव्वारा चौक से पुलिया नंबर 6 की ओर भेजा जाएगा। धर्मपुर चौक से आईएसबीटी जाने वाले यातायात को माता मंदिर रोड होते हुए पुरानी बाईपास चौकी से आईएसबीटी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

मोहकमपुर से मसूरी जाने वाले वाहनों को जोगीवाला, रिंग रोड, लाडपुर, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होते हुए मसूरी मार्ग पर भेजा जाएगा। वहीं मोहकमपुर से देहरादून शहर आने वाले वाहनों को विधानसभा तिराहा, रिस्पना, पुरानी बाईपास चौकी, धर्मपुर और ईसी रोड के रास्ते भेजा जाएगा।

अनुमति प्राप्त प्रत्येक संभावित जुलूस केवल हिम पैलेस होटल से शुरू होगा। जुलूस में शामिल वाहनों की पार्किंग रेसकोर्स स्थित गुरु नानक ग्राउंड में की जाएगी। जुलूस के हिम पैलेस होटल से प्रगति विहार बैरियर की ओर बढ़ने पर रिस्पना से शहर आने वाले वाहनों को हरिद्वार बाईपास से पुरानी बाईपास चौकी की ओर भेजा जाएगा।

यदि यातायात दबाव बढ़ता है तो डोईवाला से देहरादून आने वाली सिटी बसों को कैलाश अस्पताल से यू-टर्न लेकर वापस डोईवाला भेजा जाएगा।

वहीं विधानसभा विशेष सत्र की सुरक्षा में तैनात पुलिस बल की आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने ब्रीफिंग की। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान संयमित व्यवहार रखने, अनावश्यक टिप्पणी से बचने और किसी भी विवाद की स्थिति में तुरंत अपने प्रभारी अधिकारी को सूचित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *