uttar bharat liveउत्तराखंडक्राइम

रुद्रपुर हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

रुद्रपुर के जिला अस्पताल में इमरजेंसी वार्ड के बाहर हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वारदात के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

घटना 13 नवंबर 2026 की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में हुई थी। यहां प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच मोबाइल कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद हो गया था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस दौरान दोनों पक्षों के कई लोग आमने-सामने आ गए और कुछ लोग घायल हो गए।

घायलों को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए रुद्रपुर जिला अस्पताल लाया गया था। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच तनाव कम नहीं हुआ। इमरजेंसी वार्ड के बाहर एक बार फिर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। इसी दौरान हमलावरों ने नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर किसी नुकीली वस्तु से वार कर दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस संघर्ष में अस्पताल परिसर में तैनात पीआरडी जवान भी घायल हुए। उनका उपचार जारी है। अस्पताल के भीतर हुई इस घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।

सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों से जुटाए सुराग

मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट की सहायता से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में वारदात के दौरान छह से सात लोगों की मौजूदगी सामने आई है।

ये भी पढ़ें-प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में मुख्यमंत्री आवास पर हुआ भव्य रात्रिभोज, लोकसंस्कृति की झलकियों ने मोहा मन

पहले दो आरोपी गिरफ्तार, फिर मुख्य आरोपी से मुठभेड़

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सबसे पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, मुख्य आरोपी विकास कुमार की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि विकास कुमार बरेली के भोजीपुरा की ओर फरार होने की कोशिश में था।

पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया और देर रात थाना पुलभट्टा क्षेत्र में लेकर आ रही थी। इसी दौरान विकास ने एक सब इंस्पेक्टर की पिस्तौल छीन ली और भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो विकास कुमार के पैर में लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक तीन लोगों को पकड़ा जा चुका है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी

पुलिस ने विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार, आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार और विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार को गिरफ्तार किया है। तीनों जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के निवासी हैं।

एसएसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलभट्टा थाना पुलिस, दिनेशपुर थाना पुलिस और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

ये भी पढ़ें-ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक, सौंपी सॉफ्ट कॉपी

 

One thought on “रुद्रपुर हत्याकांड: 12 घंटे में मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *