रामदेव-बाबा बागेश्वर विवाद खत्म, बाबा बागेश्वर बोले- डांट भी आशीर्वाद, रामदेव ने की पुष्टि
पंजाब के पठानकोट में बाबा बागेश्वर ने तोड़ी चुप्पी, रामदेव को बताया अभिभावक और महापुरुष, बोले- प्रशंसा के साथ आलोचना भी स्वीकार; रामदेव ने भी बातचीत के बाद विवाद खत्म होने का किया ऐलान।
योग गुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच शुरू हुआ विवाद अब खत्म हो गया है। पिछले कुछ दिनों से दोनों संतों के बीच बयानबाजी को लेकर चर्चाएं तेज थीं। अब पंजाब के पठानकोट में कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी और बाबा रामदेव की टिप्पणी को भी सहजता से स्वीकार करने की बात कही। उन्होंने रामदेव को अपना वरिष्ठ और अभिभावक बताते हुए कहा कि उनकी डांट भी आशीर्वाद के समान है। इसके बाद बाबा रामदेव ने भी सोशल मीडिया पर लाइव आकर दोनों के बीच बातचीत होने और विवाद समाप्त होने की पुष्टि की।
चार दिन पहले तारीफ की, अब डांटा तो भी स्वीकार
पंजाब के पठानकोट में कथा के दौरान जब मीडिया के लोगों ने धीरेंद्र शास्त्री से बाबा रामदेव की टिप्पणी को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने बेहद सहज अंदाज में जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि योग गुरु बाबा रामदेव महापुरुष हैं और उनसे वरिष्ठ हैं। चार दिन पहले ही स्वामी रामदेव उत्तर प्रदेश के कुंडा में आयोजित कथा के मंच पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने बड़े प्रेम से उनकी प्रशंसा की थी। अब चार दिन बाद अगर उनके मन में कोई दूसरी बात आई और उन्होंने कुछ कह दिया, तो उसे भी स्वीकार किया जाना चाहिए।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि रामदेव उनके लिए अभिभावक की तरह हैं और उनकी कही हर बात को वह आशीर्वाद के रूप में लेते हैं।
निंदा और स्तुति दोनों समान, संतों की अवहेलना नहीं कर सकते
बाबा बागेश्वर ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति प्रशंसा को स्वीकार करता है, लेकिन आलोचना होने पर नाराजगी जाहिर करने लगता है, तो यह उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनके लिए निंदा और स्तुति दोनों समान रूप से स्वीकार्य हैं। वह सपने में भी किसी संत की अवहेलना करने का भाव अपने मन में नहीं ला सकते।
धीरेंद्र शास्त्री के मुताबिक, बाबा रामदेव ने सीधे तौर पर उनका नाम नहीं लिया था, लेकिन उनके मन में कोई बात आई होगी, इसलिए उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। रामदेव का स्वभाव सीधा और सरल है, ऐसे में उनकी कही बात को भी आशीर्वाद समझकर स्वीकार किया जाना चाहिए।
समर्थकों से विवाद आगे नहीं बढ़ाने की अपील
इस पूरे मामले पर धीरेंद्र शास्त्री ने अपने समर्थकों और समाज के लोगों से भी विवाद को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य संतों और हिंदू समाज को जोड़ना है, न कि किसी तरह का विवाद खड़ा करना।
उन्होंने यह संदेश भी दिया कि जीवन में अच्छे और बुरे दोनों तरह के समय आते हैं। इसलिए हर बात को विवाद का विषय बनाने के बजाय उसे सहजता से लेना चाहिए।
रामदेव बोले- बागेश्वर बाबा से बात हो गई, विवाद समाप्त
धीरेंद्र शास्त्री के बयान के बाद देर शाम बाबा रामदेव ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि बागेश्वर बाबा से उनकी बातचीत हो चुकी है और अब विवाद समाप्त हो गया है।
रामदेव ने कहा कि उनकी चिंता का विषय केवल इतना है कि हिंदू देवी-देवताओं और अवतारों का किसी भी तरह अपमान नहीं होना चाहिए। उनके लिए हल्की भाषा का इस्तेमाल भी उचित नहीं है।
उन्होंने अपने और बागेश्वर बाबा के समर्थकों से अपील की कि अब इस विषय को आगे न बढ़ाएं और आपस में लड़ाई न करें।
जमशेदपुर के कार्यक्रम से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, हाल ही में झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को पाखंडी कह दिया था। इसके बाद रामदेव की टिप्पणी को लेकर काफी आलोचना हुई और दोनों संतों के बीच विवाद की चर्चा शुरू हो गई।
हालांकि, अब धीरेंद्र शास्त्री की प्रतिक्रिया और रामदेव की ओर से विवाद समाप्त होने के ऐलान के बाद इस मामले पर विराम लग गया है।
गुरुनानक जयंती पर दिया था एकता का संदेश
विवाद के बीच ही धीरेंद्र शास्त्री ने पंजाब के पठानकोट में आयोजित कथा के दौरान गुरुनानक जयंती पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने पंजाब की जनता को एकता का संदेश देते हुए कहा था कि सभी एक हैं।
पठानकोट में 22 से 24 नवंबर तक कथा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान उन्होंने बाबा रामदेव की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी।
फिलहाल दोनों संतों की ओर से आए बयानों के बाद विवाद खत्म होने की बात कही जा रही है। दोनों ने अपने समर्थकों से भी इस मुद्दे को आगे नहीं बढ़ाने का संदेश दिया है।
ये भी पढ़ें-काशीपुर में चलती गाड़ी में आग, स्पेयर पार्ट्स लदे वाहन को दमकल ने बचाया, बड़ा हादसा टला
ये भी पढ़ें-पवाणी अग्निकांड में 33 मकान राख, CM धामी ने जताया दुख

