उत्तराखंड

हरिद्वार के सिडकुल में नाबालिग लड़कियों के साथ शोषण, फैक्ट्री प्लांट हेड गिरफ्तार

हरिद्वार, उत्तराखंड: हरिद्वार जिले के सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। यहां की एक फैक्ट्री में नाबालिग लड़कियों को जबरन मजदूरी कराने और चोरी के झूठे आरोप में प्रताड़ित करने का मामला उजागर हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री प्रबंधन के लोग लड़कियों को चोरी का आरोप लगाकर उनके हाथ-पांव बांधते थे और वीडियो बनाकर उनसे चोरी स्वीकार करने का दबाव डालते थे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

इस मामले की जानकारी मिलने पर हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तुरंत मुकदमा दर्ज करने और जांच शुरू करने के आदेश दिए। पुलिस ने फैक्ट्री के प्लांट हेड रजनीश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना का विवरण

पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को सिडकुल स्थित कंपनी में काम कर रही एक नाबालिग लड़की ने थाने में शिकायत दी। उसने बताया कि वह पिछले दो सालों से फैक्ट्री में काम कर रही है, और उसके साथ दो अन्य नाबालिग लड़कियां भी काम करती हैं।

पीड़िताओं ने आरोप लगाया कि प्लांट हेड रजनीश शर्मा ने उनके आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें नौकरी पर रखा। मजदूरी में कटौती की जाती थी और पूरा वेतन नहीं मिलता था। कई बार काम छोड़ने पर भी प्लांट हेड, सुपरवाइजर मुकेश और लाइन इंचार्ज प्रभा व स्वीटी बार-बार फोन करके उन्हें वापस बुलाते थे।

24 मार्च को लड़कियां चाय पीकर लौट रही थीं, तभी रजनीश शर्मा ने उन्हें बुलाया और गार्ड से तलाशी करवाई। तलाशी में कुछ नहीं मिलने के बाद भी उन्हें दोपहर में ऑफिस बुलाया गया। पीड़िताओं का आरोप है कि वहां उन्हें गाली-गलौज और मार-पीट का सामना करना पड़ा। साथ ही, उनके दुपट्टे उतारकर हाथ-पांव बांध दिए गए और अन्य कर्मचारियों के सामने अपमानित किया गया। मोबाइल से वीडियो बनाकर चोरी स्वीकार करने का दबाव भी डाला गया।

पुलिस कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर परिवार मौके पर पहुंचे और लड़कियों को घर ले गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को थाने बुलाकर पूछताछ की। मोबाइल और रिज्यूमे फाइल की जांच में घटना से जुड़े वीडियो और लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाने की पुष्टि हुई।

रजनीश शर्मा पर नाबालिग लड़कियों को वेल्डिंग मशीन जैसे खतरनाक उपकरण पर काम कराने का भी आरोप है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *