उत्तराखंड

चर्च रोड क्षेत्र में जलभराव समस्या के समाधान को लेकर सक्रिय हुए मेयर सौरभ थपलियाल

देहरादून। देहरादून नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 79 अंतर्गत चर्च रोड इलाके में लंबे समय से बारिश के दौरान उत्पन्न हो रही जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। क्षेत्र की समस्या को गंभीरता से लेते हुए देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

वरिष्ठ पत्रकार आशीष कुमार ध्यानी द्वारा मेयर से मुलाकात कर चर्च रोड क्षेत्र में जलभराव से स्थानीय नागरिकों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया गया तथा शीघ्र समाधान का अनुरोध किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने बिना देरी किए समस्या के निवारण हेतु कार्य प्रारंभ करवा दिया।

स्थिति का जायजा लेने स्वयं मौके पर पहुंचे मेयर सौरभ थपलियाल ने क्षेत्र में चल रहे कार्यों का निरीक्षण एवं समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव की समस्या का स्थायी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम निरंतर प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है।

इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने मेयर सौरभ थपलियाल की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील कार्यशैली और सरल व्यवहार की सराहना करते हुए नगर निगम द्वारा शुरू किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया।

देहरादून नगर निगम द्वारा शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने और नागरिक समस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *