उत्तराखंड

चमोली में बड़ा सड़क हादसा: 500 मीटर नीचे गिरा सेना का वाहन, दो घायल

उत्तराखंड के चमोली जिले से एक गंभीर सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग पर गुरुवार, 16 अप्रैल को सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दुर्घटना में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया और लगभग 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। इसी दौरान क्षेत्र के युवाओं—प्रदीप रमोला, राहुल और अजय पंवार—ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

 

स्थानीय युवकों ने जोखिम उठाकर दोनों घायल जवानों को खाई से बाहर निकाला और अपनी निजी गाड़ी से जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया, जिससे समय रहते उनका उपचार शुरू हो सका।

 

घायलों की पहचान जांबाज सिंह (29 वर्ष), निवासी भिवानी, हरियाणा, और धवन सिंह (28 वर्ष) के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, जांबाज सिंह को सिर में हल्की चोटें आई हैं, जबकि धवन सिंह को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगी हैं और वे बेहोशी की अवस्था में हैं।

 

धवन सिंह की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया। सेना ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हेलीकॉप्टर के जरिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए एयरलिफ्ट किया। बताया जा रहा है कि धवन सिंह अग्निवीर के रूप में सेवा दे रहे हैं। दोनों जवान सिग्नल कंपनी, ज्योतिर्मठ में तैनात हैं।

 

फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *