बदरीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा, बोलेरो पिकअप और कार की भिड़ंत में एक की मौत, 11 घायल
चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां बोलेरो पिकअप और राजस्थान नंबर की किआ कार के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए गोपेश्वर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम लामबगड़ के समीप बोलेरो पिकअप और किआ कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
दुर्घटना के समय बोलेरो पिकअप में कुल नौ लोग सवार थे। इनमें से एक व्यक्ति मोनू निवासी मुजफ्फरनगर की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में अंशुल, मोनू पाल, शिवम, शिव कुमार, मेनपाल, मनोज कुमार, मोंटी और जॉनी पाल शामिल हैं। इनमें सात घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोपेश्वर रेफर किया गया है।
वहीं, किआ कार में जयपुर, राजस्थान के तीन पर्यटक सवार थे। इनमें अर्चिसा (20 वर्ष), पुष्पेंद्र कुमार (50 वर्ष) और पूनम रानी (46 वर्ष) शामिल हैं। तीनों को हादसे में मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य संभाला। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक दिन पहले गंगनानी में नदी में समाई थी इनोवा
उत्तराखंड में लगातार दूसरे दिन बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। इससे एक दिन पहले उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए नदी में समा गई थी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर घायल को रेस्क्यू किया गया था। दो अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी था। वाहन में सवार यात्री गुजरात के रहने वाले थे। हादसे में हरिद्वार निवासी चालक सुरेंद्र सिंह की भी मौके पर मौत हो गई थी।
लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे पहाड़ी मार्गों पर सफर के दौरान सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को फिर रेखांकित कर रहे हैं।

