ट्रेन में चढ़ने से पहले ही थम गई IRB जवान की सांसें
रामपुर। समूचे उत्तराखण्ड के लिए बेहद दुखद खबर उत्तर प्रदेश के रामपुर रेलवे स्टेशन से सामने आई है, जहां चुनाव ड्यूटी पर जा रहे इंडियन रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड से आईआरबी के जवान पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी के लिए रवाना हो रहे थे। बटालियन रामपुर रेलवे स्टेशन पर चुनाव स्पेशल ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची और जवान उसमें सवार होने लगे, तभी हेड कांस्टेबल तारा चंद की अचानक तबीयत बिगड़ गई।
घटना के तुरंत बाद जीआरपी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। साथी जवानों की मदद से उन्हें एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर इसे अचानक आई मेडिकल इमरजेंसी माना जा रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
तारा चंद अपने पीछे पत्नी, 17 वर्षीय बेटे और 11 वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े आघात से कम नहीं है। परिजनों के अनुसार, वह घर के मजबूत सहारा थे और उनकी असमय मृत्यु ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है।
बताया जा रहा है कि तारा चंद उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के सिलाठी गांव के निवासी थे और वर्तमान में नैनीताल के रामनगर में तैनात थे। उनके पिता शेर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, जिससे यह परिवार लंबे समय से देश सेवा से जुड़ा रहा है।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है और वे मौके पर पहुंच चुके हैं।
