उत्तराखंड

IMA की पासिंग आउट परेड में गूंजा ‘अंतिम पग’, भारतीय सेना को मिले 481 युवा अधिकारी

देहरादून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के ऐतिहासिक चेटवुड ड्रिल स्क्वायर पर शनिवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड (POP) के साथ भारतीय सेना को 481 युवा सैन्य अधिकारी मिल गए। वहीं, 16 मित्र देशों के 34 ऑफिसर कैडेट भी अपना प्रशिक्षण पूरा कर अपने-अपने देशों की सेनाओं में शामिल होने के लिए तैयार हुए। इस प्रकार कुल 515 कैडेटों ने ‘अंतिम पग’ भरकर सैन्य जीवन की नई शुरुआत की।

परेड की समीक्षा और सलामी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने की। इस अवसर पर सेना के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य अतिथि, कैडेटों के परिजन और बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथि मौजूद रहे। पूरे समारोह का सबसे भावुक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया, जब कैडेटों ने ‘अंतिम पग’ भरकर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में प्रवेश किया।

इस वर्ष की पासिंग आउट परेड कई मायनों में ऐतिहासिक रही। पहली बार महिला कैडेट भी पुरुष कैडेटों के साथ कदमताल करती नजर आईं। इसे भारतीय सैन्य इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) में महिलाओं के प्रवेश के बाद आइएमए में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिला कैडेटों का यह पहला बैच है, जिसने परेड में हिस्सा लिया।

कठोर सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक-मानसिक चुनौतियों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद इन कैडेटों का सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार हुआ। पासिंग आउट के बाद भारतीय कैडेट सेना की विभिन्न शाखाओं में अपनी सेवाएं देंगे, जबकि विदेशी कैडेट अपने-अपने देशों की सेनाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे।

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए आइएमए परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सेना, पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभाली। सैन्य बैंड की गूंज, अनुशासित कदमताल और राष्ट्रभक्ति के माहौल के बीच आयोजित यह समारोह देश को नए सैन्य नेतृत्व की सौगात देकर संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *