uttar bharat live

भीषण हादसा: यूपी पुलिस के 4 जवानों समेत 5 की मौत, नूंह से लौट रही थी टीम

नूंह/हरियाणा, मंगलवार: हरियाणा के नूंह जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के दो दरोगा, दो सिपाही और एक वादी समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के जालौन से पुलिस टीम अपहरण मामले में दबिश देने नूंह आई थी।

जानकारी के अनुसार, कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम वापस लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे धुलावट टोल प्लाजा के पास उनकी स्कॉर्पियो कार हादसे का शिकार हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो पलवल की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे वाहन असंतुलित हो गया और सामने चल रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में शव बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें निकालने में पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मृतकों में दरोगा मोहित यादव, सब इंस्पेक्टर सत्यभान, सर्विलांस के दो सिपाही और मुकदमे का वादी शामिल थे। सभी उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में तैनात बताए गए हैं।

तावडू सदर थाना प्रभारी शीशराम यादव ने बताया कि हादसे की सूचना जालौन पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने वाहन चालकों से एक्सप्रेसवे पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *