uttar bharat live

Today Gold Price: तनाव बढ़ा तो चमका सोना! MCX पर कीमतों में जोरदार उछाल

Today Gold Price: पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के असर से सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर बुधवार दोपहर 3 बजे तक 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 3.78% की तेजी के साथ 5,253 रुपये बढ़कर 1,44,165 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। इससे पहले यह पिछले कारोबारी सत्र में 1,38,912 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

गौरतलब है कि इसी वर्ष 29 जनवरी को वायदा बाजार में सोना 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर तक पहुंच चुका है।

वहीं, गुडरिटर्न्स के आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव बढ़कर 1,46,820 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। दूसरी ओर, इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक बुधवार सुबह तक सोना 1,40,420 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो दोपहर तक बढ़कर 1,44,643 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। IBJA के ताजा आंकड़ों के आधार पर विभिन्न कैरेट (24, 23, 22, 18 और 14) के सोने के भाव में भी इसी तरह की तेजी दर्ज की गई है।

पिछले कारोबारी दिन का हाल (Today Gold Price)

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को चार दिन से जारी गिरावट का सिलसिला टूट गया। सोने की कीमत में 1,200 रुपये की बढ़त दर्ज की गई और यह 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे एक दिन पहले 99.9% शुद्धता वाला सोना 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर बंद हुआ था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो, लगातार नौ सत्रों की गिरावट के बाद हाजिर सोने में सुधार देखा गया और इसकी कीमत 16.96 डॉलर (0.38%) बढ़कर 4,423.83 डॉलर प्रति औंस हो गई।

वायदा बाजार में पिछला रुख (Today Gold Price)

मंगलवार को वायदा कारोबार में सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई थी। MCX पर अप्रैल डिलीवरी वाले कॉन्ट्रैक्ट का भाव 2,260 रुपये (1.62%) घटकर 1,37,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट 62.4 डॉलर (1.42%) गिरकर 4,344.9 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

इससे पहले सोमवार को MCX पर सोना भारी गिरावट के साथ 14,897 रुपये (10.3%) टूटकर 1,29,595 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। हालांकि बाद में इसमें आंशिक सुधार हुआ और यह 1,39,260 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

विशेषज्ञों की राय (Today Gold Price)

जिंस बाजार के जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के चलते निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है। मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह के अनुसार, लगातार नौ दिन की गिरावट के बाद विदेशी बाजारों में हाजिर सोना लगभग 4,420 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर हुआ है।

उन्होंने बताया कि ईरान से जुड़े तनाव के बीच अमेरिका द्वारा ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोकने के लिए पांच दिन के संघर्षविराम की घोषणा ने बाजार में थोड़ी स्थिरता दी है। हालांकि, इस संघर्षविराम की सफलता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, जिसके कारण निवेशक अभी भी सतर्क रुख अपना रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *