uttar bharat live

धामी कैबिनेट की बैठक आज, मानसून सत्र से लेकर डॉक्टरों और कर्मचारियों के वेतन पर हो सकती है चर्चा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार, 11 सितंबर को सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक हो रही है। बैठक दोपहर 12 बजे से शुरू हुई और फिलहाल जारी है। कैबिनेट बैठक को आगामी मानसून सत्र के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में विधानसभा मानसून सत्र की तिथियों और स्थान को लेकर चर्चा होने की संभावना है। इसके साथ ही कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है।

स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी कैबिनेट में चर्चा की संभावना है। राजकीय मेडिकल कॉलेजों से एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले छात्रों को पर्वतीय क्षेत्रों में बॉन्ड के तहत तीन सेवाएं देनी होती हैं। लेकिन कुछ दिन ड्यूटी करने के बाद कई एमबीबीएस डॉक्टर पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए आवेदन कर पीजी करने चले जाते हैं, जिसके चलते डॉक्टरों की कमी बनी रहती है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करने वाले छात्रों को कम से कम तीन साल तक अपनी सेवाएं देनी होंगी। इसके बाद ही उन्हें पीजी करने की अनुमति दी जाएगी। इस प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल की मुहर लगने की संभावना है।

वहीं, एमबीबीएस और पीजी के इंटर्न डॉक्टर पिछले कई दिनों से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। ऐसे में कैबिनेट बैठक में इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा परिवहन विभाग, शहरी विकास, उद्योग, कार्मिक, स्वास्थ्य, शिक्षा और आवास विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है।

परिवहन निगम के कर्मचारियों के वेतन को लेकर भी बैठक में महत्वपूर्ण फैसला हो सकता है। कर्मचारियों को पिछले दो से तीन महीने का वेतन नहीं मिला है। ऐसे में राज्य सरकार परिवहन निगम कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए धनराशि को मंजूरी दे सकती है। इसके साथ ही नियोजन विभाग की ओर से तैयार की गई विभिन्न नीतियों पर भी कैबिनेट की मुहर लगने की संभावना है।

बैठक में ईवी पॉलिसी और शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादलों में पारदर्शिता लाने से संबंधित प्रस्ताव पर भी मुहर लग सकती है। कैबिनेट बैठक खत्म होने के बाद सामने आने वाले फैसलों से इन प्रस्तावों की स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *