uttar bharat liveउत्तराखंड

देहरादून: पुलिस मुठभेड़ में राजस्थान के दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

देहरादून। तड़के सुबह दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली। नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में राजस्थान के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। मामले में तीन अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।

 

जानकारी के अनुसार, नाकेबंदी एवं सघन चेकिंग के दौरान नयागांव चौकी बैरियर पर आरजे (RJ) नंबर की कार में सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मार दी और सेलाकुई की ओर भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। बदमाश चांदनी चौक से भूरपुर की ओर भागे और रामगढ़ के रपटे के पास अपनी कार छोड़कर नदी की तरफ फरार होने का प्रयास करने लगे।

 

इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। वहीं दूसरे बदमाश को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया।

 

घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया। बाद में उसे बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 

घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। अधिकारियों ने घटनास्थल और चिकित्सालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।

 

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

 

फिलहाल पुलिस फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *