देहरादून SSP का बड़ा एक्शन: ऋषिकेश IDPL चौकी प्रभारी समेत पूरी टीम सस्पेंड
देहरादून के एसएसपी परमेंद्र सिंह डोभाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए IDPL चौकी के पूरे स्टाफ को सस्पेंड कर दिया है। यह कदम जमीनी स्तर पर लापरवाही सामने आने के बाद उठाया गया है, जिससे पुलिस लाइन में हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश क्षेत्र में बड़े स्तर पर जुए का खुलासा हुआ। इस पर एसएसपी डोभाल ने बिना देर किए कड़ा फैसला लिया। अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए लगातार सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चौकी स्तर पर पर्याप्त निगरानी नहीं रखने पर यह कार्रवाई अनिवार्य हो गई।
रात 27 मार्च को एसएसपी को ऋषिकेश के एक होटल में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की गोपनीय सूचना मिली। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में छापेमारी की, जहां मौके से जुआ खेलते कई लोगों को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान जुआ सामग्री, नगदी और विभिन्न ब्रांड की शराब भी बरामद की गई। लेकिन इस पूरे मामले में चौकी स्तर पर निगरानी और चेकिंग में भारी लापरवाही सामने आई।
इसके चलते एसएसपी डोभाल ने IDPL चौकी के प्रभारी समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
