पैतृक गांव पंचूर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सीएम धामी ने किया स्वागत
पौड़ी गढ़वाल/यमकेश्वर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार 7 मई को अपने पैतृक जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पंचूर गांव पहुंचे। अपने पैतृक गांव में मुख्यमंत्री योगी के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह, उमंग और गौरव का वातावरण देखने को मिला। गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी दो दिवसीय निजी दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे हैं, जहां वह धार्मिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तराखंड पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं यमकेश्वर हेलीपैड पहुंचकर उनका स्वागत किया। दोनों मुख्यमंत्रियों की मुलाकात को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी विशेष चर्चा रही। इस दौरान दोनों नेताओं ने आत्मीयता के साथ एक-दूसरे का अभिवादन किया और क्षेत्रीय कार्यक्रमों में साथ भाग लिया।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले बिथ्याणी स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय डिग्री कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने अपने गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कॉलेज परिसर में मौजूद छात्र-छात्राओं, स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में इस अवसर पर विशेष उत्साह देखा गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी ने कॉलेज परिसर के निकट बनाए गए ओपन एयर जिम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद दोनों मुख्यमंत्रियों ने जिम में जाकर व्यायाम उपकरणों का निरीक्षण किया और कुछ समय तक एक्सरसाइज भी की। दोनों मुख्यमंत्रियों का यह सहज और प्रेरक अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। दोनों नेताओं ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी के दर्शन के लिए लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर यमकेश्वर, पंचूर, बिथ्याणी और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए थे। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और नारों के साथ उनका स्वागत किया। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। कार्यक्रम स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। यातायात व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित रखा गया ताकि आम लोगों को असुविधा न हो। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती के साथ वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे रहे।
एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पहले से पूर्ण कर ली गई थीं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यक्तिगत कार्यक्रम में शामिल होने अपने गांव पहुंचे हैं और उनका दौरा दो दिनों तक रहेगा।
बताया जा रहा है कि पंचूर गांव में आयोजित होने वाला नवनिर्मित हरि विष्णु पंचदेव मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत समाज और स्थानीय लोगों के पहुंचने की संभावना है। क्षेत्र में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री योगी के अपने पैतृक गांव आगमन को उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ का उत्तराखंड से गहरा भावनात्मक संबंध है और उनका यहां आना प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपने पैतृक गांव पंचूर से हमेशा विशेष लगाव रहा है। वह समय-समय पर यहां पहुंचकर धार्मिक, सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर ग्रामीणों में खास उत्साह है। पूरे क्षेत्र में पर्व जैसा माहौल बना हुआ है और लोग अपने गांव के इस सुपुत्र के स्वागत को यादगार बनाने में जुटे हैं।
