उत्तराखंड

पौड़ी गढ़वाल में बड़ा हादसा: खिर्सू के पास मैक्स वाहन खाई में गिरा, 8 लोग घायल

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जनपद से सोमवार, 27 अप्रैल को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। खिर्सू के समीप एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में आठ लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा मैक्स वाहन और एक मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर के बाद हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरे। घटना के समय क्षेत्र से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मैक्स वाहन पैठाणी से श्रीनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

हादसे में घायल हुए मैक्स वाहन सवारों में गगन सिंह (75), सतेश्वरी देवी (50), संगीता देवी (23), अंजू (24), मंगल सिंह (32), गुड्डी देवी (55) और गौतम सिंह (26), सभी निवासी पैठाणी शामिल हैं। वहीं, मोटरसाइकिल सवार गजेन्द्र सिंह (42), निवासी पाबौ भी इस दुर्घटना में घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, समय पर रेस्क्यू अभियान चलाए जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *