14 अप्रैल को घर से निकलने से पहले देखें ये ट्रैफिक प्लान!
14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री Narendra Modi के देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के मद्देनजर पूरे रूट को आशारोड़ी से गढ़ी कैंट तक 13 जोन में विभाजित किया गया है। जिलाधिकारी बंसल ने जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रूट पर सांस्कृतिक दलों और लोक वाद्य यंत्रों के जरिए स्थानीय परंपरा की झलक भी देखने को मिलेगी।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। देहरादून से सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड होते हुए धर्मावाला चौक और बेहट के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, रिस्पना पुल से जोगीवाला, लालतप्पड़ और रायवाला होते हुए हरिद्वार के जरिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। छुटमलपुर और बिहारीगढ़ जाने वाले वाहनों को भी अलग रूट से डायवर्ट किया जाएगा।
दूसरी ओर, दिल्ली, सहारनपुर, रुड़की और छुटमलपुर से देहरादून व मसूरी आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष मार्ग तय किए गए हैं। ये वाहन बेहट, धर्मावाला चौक, प्रेमनगर और बल्लुपुर चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इसके अलावा 14 अप्रैल को रुड़की-भगवानपुर मार्ग से देहरादून आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। प्रमुख स्थानों पर पेयजल, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पूरे रूट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। यहां आमजन के बैठने, वाहन पार्किंग, पेयजल, हल्के जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाओं को सुनिश्चित किया जा रहा है। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी दिन सहारनपुर के गणेशपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण भी करेंगे। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
