उत्तराखंड

9 साल 10 महीने बाद सऊदी अरब से घर लौटे इंद्रमणि नौटियाल, रोशन रतूड़ी ने निभाया मदद का वादा

उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल लंबे समय से सऊदी अरब की जेल में बंद थे। सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के मामले में उन्हें सजा हुई थी। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के प्रयासों से 16 दिन में उनकी रिहाई का रास्ता निकला और आखिरकार वह भारत लौट आए।

देहरादून/दिल्ली: अपनों से मिलने की उम्मीद और घर लौटने का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। सऊदी अरब में करीब 9 साल 10 महीने तक फंसे रहने के बाद उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल सकुशल भारत लौट आए हैं। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी उन्हें लेकर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां परिजनों और उत्तराखंड के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लंबे इंतजार के बाद परिवार से मिलन का यह पल बेहद भावुक रहा।

16 दिन में रिहाई के लिए जुटाए प्रयास

इंद्रमणि नौटियाल की भारत वापसी के लिए रोशन रतूड़ी ने कानूनी और आर्थिक मदद जुटाने में अहम भूमिका निभाई। बताया गया कि उनके प्रयासों से महज 16 दिनों में रिहाई की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी। गुरुवार रात जब दोनों दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो इंद्रमणि के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

इस मौके पर रोशन रतूड़ी ने कहा कि विदेश में किसी भी भारतीय के मुश्किल में फंसने पर उनकी मदद करना उनका प्रयास रहता है। उन्होंने इस पूरी लड़ाई में साथ देने वाले देश और प्रदेश के लोगों का आभार जताया।

ये भी पढ़ें-CM धामी की कैबिनेट में बड़े फैसलों की तैयारी, आंगनबाड़ी, PRD और गेस्ट टीचर्स को मिल सकती है सौगात

एक सड़क हादसे ने बदल दी जिंदगी

उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल रोजगार की तलाश में साल 2018 में सऊदी अरब गए थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन साल 2019 में उनके ट्रक से जुड़ा एक सड़क हादसा उनकी जिंदगी बदल गया।

इस हादसे में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें सवार सऊदी अरब के पांच नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ था। मामला सऊदी अरब की अल-कुरैया (Qurayyah) कोर्ट पहुंचा और कानूनी कार्रवाई के बाद इंद्रमणि को जेल की सजा हुई।

इंद्रमणि का दावा था कि जिस ट्रक को वह चला रहे थे, उसका इंश्योरेंस नहीं था। उन्होंने इसकी जानकारी ट्रक मालिक को भी दी थी और बिना इंश्योरेंस ट्रक नहीं चलाने की बात कही थी। उनका कहना था कि ट्रक मालिक ने जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें जबरन वाहन चलाने भेजा था।

2 करोड़ से ज्यादा की रकम बनी रिहाई में बाधा

मामले में सऊदी अरब की अदालत ने पीड़ित परिवार को 9 लाख रियाल देने का फैसला सुनाया था। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 2 करोड़ 32 लाख 63 हजार रुपये बताई गई। इतनी बड़ी रकम जुटाना परिवार के लिए आसान नहीं था।

इंद्रमणि की बेटी दीपिका और अन्य परिजनों ने उनकी वापसी के लिए शासन-प्रशासन से गुहार लगाई। इसके बाद उत्तरकाशी समेत उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों से लोगों ने आर्थिक सहयोग जुटाया। उत्तराखंड सरकार की ओर से भी 2 लाख रुपये की मदद दी गई, जबकि ग्रामीणों ने अपनी क्षमता के अनुसार योगदान किया।

घर लौटकर भावुक हुए इंद्रमणि

भारत लौटने के बाद इंद्रमणि नौटियाल ने खुशी जाहिर करते हुए रोशन रतूड़ी को अपने लिए देवदूत बताया। उन्होंने कहा कि अपने घर लौटकर वह बेहद खुश हैं और उनकी वापसी के लिए प्रयास करने वाले सभी लोगों का दिल से धन्यवाद करते हैं।

करीब एक दशक का इंतजार, परिवार की लंबी कोशिशें और लोगों का सहयोग आखिरकार रंग लाया। इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी ने उनके परिवार के लिए खुशियों का वह पल लौटा दिया, जिसका इंतजार वे सालों से कर रहे थे।

ये भी पढ़ें-रुद्रपुर में दो खूनी वारदातें, हंगामा रोकने पर गार्ड की हत्या; पिता ने बेटे पर किया जानलेवा हमला

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *