मसूरी में फर्जी VIP कल्चर पर पुलिस का प्रहार, लाल-नीली बत्ती और हूटर लगी लग्जरी कार सीज
पर्यटन नगरी मसूरी में पुलिस ने फर्जी वीआईपी कल्चर पर बड़ा प्रहार किया है। लाइब्रेरी चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने लाल-नीली फ्लैशलाइट और हूटर लगी एक लग्जरी कार को रोककर कार्रवाई की।
कैंपटी रोड की ओर से आ रही काले रंग की कार पर लगी बत्ती और हूटर ने पुलिस का ध्यान खींचा। वाहन रोकने पर चालक ने खुद को केंद्रीय मंत्रालय का अधिकारी बताकर रौब जमाने की कोशिश की।
जब पुलिस ने वैध दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस मांगा तो चालक कोई भी मूल दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। जांच में सामने आया कि वाहन पर अवैध काली फिल्म भी लगी थी और चालक चप्पल पहनकर वाहन चला रहा था।
पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि ट्रैफिक जाम से बचने, टोल टैक्स से बचने और वीआईपी ट्रीटमेंट पाने के लिए उसने निजी कार पर अवैध फ्लैशलाइट और हूटर लगाया था।
पुलिस ने मौके पर ही अवैध हूटर और बत्ती उतरवाकर वाहन सीज कर दिया। मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने कहा कि फर्जी वीआईपी कल्चर और नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
