उधमपुर में मौत की खाई: यात्रियों से भरी बस गिरी, 20 की मौत… कई जिंदगी से जूझ रहे
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर से इस वक्त एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है, जहां यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में अब तक 20 यात्रियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रामनगर-उधमपुर हाईवे पर कघोट (कानोटे) गांव के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और कई जिंदगियां पलभर में खत्म हो गईं।
बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह करीब 10 बजे के आसपास हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस प्रशासन और सेना के जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया।
घायलों को लगातार बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने की तैयारी भी की जा रही है।
प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। वहीं इस दर्दनाक हादसे पर नरेन्द्र मोदी सहित देश और प्रदेश के कई नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर यात्रा की चुनौतियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की नजरें रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों की हालत पर टिकी हुई हैं।
