ऑपरेशन प्रहार: उत्तराखंड STF की बड़ी कार्रवाई, 15 म्यूल खातों पर शिकंजा, करोड़ों की साइबर ठगी का खुलासा
देहरादून | 16 अप्रैल 2026
उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ऑपरेशन प्रहार के तहत साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य में संचालित 15 म्यूल बैंक खातों पर कानूनी कार्यवाही की है। साथ ही 80 से अधिक म्यूल खातों का सत्यापन किया गया है। इस कार्रवाई में साइबर ठगी से जुड़े गिरोह के 2 प्रमुख एजेंटों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
2200 संदिग्ध खातों पर STF की नजर
STF के अनुसार, उत्तराखंड में संचालित करीब 2200 संदिग्ध म्यूल बैंक खाते रडार पर हैं। इन खातों की पहचान, बैंक अभिलेखों की जांच और मोबाइल नंबरों के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर सत्यापन अभियान लगातार जारी है।
करोड़ों की ठगी का खुलासा
जांच के दौरान यह सामने आया कि कई बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर अपराधियों द्वारा धोखाधड़ी से प्राप्त रकम को प्राप्त करने, ट्रांसफर करने और छिपाने के लिए किया जा रहा था।
एक प्रमुख खाते में ही लगभग ₹1.53 करोड़ की ठगी से जुड़ी 28 शिकायतें दर्ज पाई गईं, जबकि अन्य खातों में भी लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले हैं।
मुकदमा दर्ज, गैंग का खुलासा
इस मामले में साइबर पुलिस स्टेशन देहरादून में
मुकदमा अपराध संख्या 26/2026 दर्ज किया गया है, जिसमें धाराएं:
धारा 318(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS)
धारा 66(D) IT Act
के तहत कार्रवाई की गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि एक संगठित गिरोह भोले-भाले लोगों को कमीशन, नौकरी या किराए का लालच देकर उनके बैंक खाते खरीदता था, और उन्हीं खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेनदेन करता था।
—
गिरफ्तार/हिरासत में आरोपी
1. दानिश अंसारी (29 वर्ष) – निवासी देवबंद, वर्तमान निवासी देहरादून
2. अंकित एन्थोनी (32 वर्ष) – निवासी देहरादून
दोनों से पूछताछ जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बरामदगी
02 मोबाइल फोन
03 पासबुक (उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक)
04 फर्जी आईडी पर जारी सिम कार्ड
कैसे काम करता है म्यूल अकाउंट गिरोह
साइबर अपराधी लोगों को ‘घर बैठे कमाई’ या कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खातों का उपयोग करते हैं।
इसके बाद उन्हीं खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को ट्रांसफर और छिपाने में किया जाता है।
STF की अपील और सावधानियां
STF ने जनता से अपील की है कि:
अपना बैंक खाता किसी को किराए पर न दें
KYC दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें
लालच में आकर किसी भी संदिग्ध लेनदेन में शामिल न हों
WhatsApp QR कोड स्कैन करने से बचें
गूगल पर दिखने वाले हर नंबर पर भरोसा न करें
केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही भुगतान करें
शिकायत कहां करें
यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है तो तुरंत:
हेल्पलाइन नंबर: 1930
वेबसाइट: www.cybercrime.gov.in
पर शिकायत दर्ज कराएं।
STF का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF अजय सिंह ने बताया कि राज्य में म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसके मद्देनजर STF की 12 टीमें गठित कर बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया जा रहा है!
