उत्तराखंड

फाइल आगे बढ़ाने की कीमत तय! रिश्वत लेते अधिकारी गिरफ्तार

उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने उद्यान विभाग के एक ज्येष्ठ निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

मामला एक स्थानीय ठेकेदार से जुड़ा है, जिसने काश्तकारों से खरीदे गए आम के पेड़ों की कटाई की अनुमति के लिए आवेदन किया था। प्रक्रिया पूरी होने और निरीक्षण के बावजूद संबंधित अधिकारी द्वारा अनुमति देने के बदले पैसे की मांग की जा रही थी।

शिकायत के अनुसार, अधिकारी ने 26 में से 16 पेड़ों की कटाई की स्वीकृति देने के लिए 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। इस शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी ने प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए।

इसके बाद गठित ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय में ही रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अधिकारी की पहचान बादल पाण्डे निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी के रूप में हुई है, जो उद्यान सचल दल केंद्र में तैनात था। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

वहीं, सतर्कता विभाग के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी या अवैध मांग की सूचना तुरंत हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर दें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *