uttar bharat liveउत्तराखंडक्राइम

झबरेड़ा हमले में 17 साल के आरोपी को हाईकोर्ट से राहत, मुकदमा बरकरार

कोर्ट ने माना- मामले में प्रथम दृष्टया अपराध बनता है, किशोर की गिरफ्तारी नहीं होगी; पुलिस को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों का पालन करना होगा

नैनीताल: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ा में हुए जानलेवा हमले के मामले में नैनीताल हाईकोर्ट ने 17 वर्षीय किशोर की आपराधिक रिट याचिका खारिज कर दी है। किशोर ने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी से संरक्षण देने की मांग की थी। हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मामले में प्रथम दृष्टया अपराध बनता है, इसलिए मुकदमा रद्द नहीं किया जा सकता। वहीं, किशोर होने के कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं होगी और उसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत ही कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-कुलगाम में लश्कर का मोस्ट वांटेड लतीफ भट ढेर, मस्जिद में छिपकर की थी फायरिंग

तमंचे और लाठी-डंडों से लैस होकर घर पहुंचने का आरोप

मामला हरिद्वार के झबरेड़ा थाने में दर्ज मारपीट और जानलेवा हमले से जुड़ा है। आरोप है कि 17 वर्षीय किशोर अन्य लोगों के साथ तमंचा, सरिया और लाठी-डंडों से लैस होकर शिकायतकर्ता के चाचा के घर पहुंचा था। यहां आरोपियों ने हमला कर दिया। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए देहरादून स्थित दून अस्पताल ले जाया गया। वहीं, शिकायतकर्ता को भी गोली मारने की कोशिश की गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।

10 अक्टूबर को दर्ज FIR को चुनौती

इस मामले में किशोर की ओर से 10 अक्टूबर 2026 को दर्ज एफआईआर को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में आपराधिक रिट याचिका दाखिल की गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता ने दलील दी कि उसकी उम्र महज 17 वर्ष है, इसलिए उसे गिरफ्तारी से संरक्षण दिया जाना चाहिए। अदालत में मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ में हुई।

किशोर की गिरफ्तारी को लेकर राज्य ने रखी यह दलील

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि किशोर को सामान्य आरोपी की तरह गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। यदि पुलिस उसे अपने संरक्षण में लेती है तो उसे तत्काल बाल कल्याण पुलिस थाने भेजना होगा। इसके बाद नियमानुसार उसे ऑब्जर्वेशन होम में रखा जा सकता है। हालांकि, यह अवधि किशोर को 24 घंटे के भीतर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किए जाने तक ही सीमित होगी।

राज्य की ओर से इस प्रक्रिया के लिए किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) आदर्श नियम, 2016 के नियम 9 का हवाला दिया गया।

हाईकोर्ट ने FIR रद्द करने से किया इनकार

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के पक्ष से सहमति जताई कि किशोर की गिरफ्तारी नहीं की जाएगी और उसके मामले में किशोर न्याय कानून के प्रावधानों का पालन करना होगा। हालांकि, अदालत ने एफआईआर और मुकदमे को रद्द करने की मांग स्वीकार नहीं की।

कोर्ट ने कहा कि उपलब्ध मामले को देखने से प्रथम दृष्टया अपराध बनता है। ऐसे में मुकदमे को निरस्त करने का कोई आधार नहीं है। इसी के साथ 17 वर्षीय किशोर की आपराधिक रिट याचिका खारिज कर दी गई।

इस तरह हाईकोर्ट ने किशोर को गिरफ्तारी से संरक्षण दिए जाने की स्थिति स्पष्ट कर दी, लेकिन उसके खिलाफ दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे को जारी रखने का रास्ता भी साफ रखा।

ये भी पढ़ें-एमडीडीए की अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई, आमबाग में निर्माण सील

ये भी पढ़ें-भारत में ‘अवेंजर्स: डूम्सडे’ का धमाका, रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में बिके 50 हजार टिकट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *