सकुशल बरामद हुई नाबालिग, अपहरण का आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली लक्सर: नाबालिग अपहरण प्रकरण का हरिद्वार पुलिस ने किया पटाक्षेप
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता
घटना को धार्मिक रंग देने की कोशिश नाकाम, पुलिस की सतर्कता ने उपद्रवियों की साजिश पर फेरा पानी
300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, कॉल डिटेल की गहन पड़ताल कर आरोपी तक पहुंची पुलिस
ड्रोन कैमरे और डॉग स्क्वॉड की मदद से खेतों में तलाशी, आरोपी ने कबूला- कई दिनों तक गन्ने के खेतों में छिपा रहा
आरोपी कश्मीर भागने की फिराक में था, बढ़कला फ्लाईओवर के पास दबोचा गया
क्या था मामला?
लक्सर के बाडीटीप गांव निवासी व्यक्ति ने 8 फरवरी 2025 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि गांव का ही एक युवक उसकी 15 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। मामला संवेदनशील था, क्योंकि आरोपी और पीड़ित अलग-अलग समुदाय से थे।
शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मु0अ0सं0 186/25 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
संभावित उपद्रव की आशंका
घटना के बाद माहौल बिगाड़ने की कोशिशें होने लगीं। पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ अराजक तत्व इसे धार्मिक रंग देकर तनाव पैदा करने की फिराक में हैं। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और सीओ लक्सर नताशा सिंह को ग्राउंड जीरो पर हालात संभालने के निर्देश दिए।
9 फरवरी को दोनों पक्षों के बीच झड़प और पथराव की घटना हुई। इसके बाद भिक्कमपुर चौकी प्रभारी ने हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस का युद्धस्तरीय अभियान
लक्सर में इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष था। किशोरी की जल्द सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई।
पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, ड्रोन कैमरे और तकनीकी सर्विलांस का इस्तेमाल कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। गन्ने के खेतों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे आरोपी पर दबाव बढ़ता गया।
आखिरकार मिली सफलता
लगातार दबाव के चलते आरोपी गन्ने के खेतों से भागकर कश्मीर जाने की फिराक में था। पुलिस ने 19 फरवरी की रात बढ़कला फ्लाईओवर, सहारनपुर मार्ग से आरोपी वाजिद को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में हुए अहम खुलासे
आरोपी ने कबूला कि वह घटना के दिन नाबालिग को लेकर गन्ने के खेतों में छिप गया था। पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए वह कई दिनों तक खेतों में ही छिपा रहा। उसका मकसद अपहृता को किसी ट्रक के जरिए कश्मीर ले जाना था।
गिरफ्तार आरोपी
वाजिद पुत्र मुस्तकीम, निवासी बाडीटीप, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार
सफल ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम
1. सीओ लक्सर नताशा सिंह
2. प्रभारी निरीक्षक लक्सर राजीव रौथाण
3. व0उ0नि0 मनोज गैरोल
4. उ0नि0 नरेन्द्र सिंह
5. उ0नि0 लोकपाल परमार
6. उ0नि0 नवीन सिंह चौहान
7. म0उ0नि0 डिंपल जोशी
8. हे0कानि0 विनोद कुमार
9. हे0कानि0 रियाज अली
10. हे0कानि0 पंचम प्रकाश
11. कानि0 अमित रावत
12. कानि0 संजय पंवार
13. कानि0 वीरेंद्र
14. कानि0 सचिन तोमर
15. कानि0 ध्वजवीर सिंह
16. म0कानि0 रीतू शर्मा
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने कहा:
“पुलिस टीम ने इस संवेदनशील मामले में बेहतरीन काम किया। ऐसे मामलों में आमजन को संयम रखना चाहिए और पुलिस को समय देना चाहिए ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।”
