उत्तराखंडराजनीति

उत्तराखंड चुनाव 2027: तीसरे दलों के 14.79% वोट से बदलेगा सत्ता का गणित? गठबंधन की कोशिशों पर टिकी नजरें

उत्तराखंड की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से नए समीकरण बनने लगे हैं। अब तक राज्य की राजनीति मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के इर्द-गिर्द घूमती रही है, लेकिन इस बार छोटे दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका भी चर्चा के केंद्र में है। इसकी सबसे बड़ी वजह 2022 के विधानसभा चुनाव के आंकड़े हैं।

पिछले चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच वोट शेयर का अंतर महज 6.42 प्रतिशत रहा था, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों, बहुजन समाज पार्टी (BSP), आम आदमी पार्टी (AAP) और उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) को मिलाकर 14.79 प्रतिशत वोट मिले थे। यानी दोनों राष्ट्रीय दलों के बीच जीत-हार के अंतर से दोगुने से भी अधिक मत इन छोटे दलों और निर्दलीयों के खाते में गए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या 2027 में ये दल एक मंच पर आकर चुनावी मुकाबले को नया मोड़ दे सकते हैं?

2022 के आंकड़ों में छिपा है तीसरे मोर्चे का सियासी आधार

निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 23,83,838 वोट मिले थे। उसका वोट शेयर 44.33 प्रतिशत रहा। वहीं कांग्रेस को 20,38,509 वोट मिले और पार्टी का वोट शेयर 37.91 प्रतिशत दर्ज किया गया। दोनों दलों के बीच 3,45,329 वोटों का अंतर था।

दूसरी ओर, निर्दलीय प्रत्याशियों को 3,00,059 वोट यानी 5.58 प्रतिशत, बसपा को 2,59,371 वोट यानी 4.82 प्रतिशत और आम आदमी पार्टी को 1,78,134 वोट यानी करीब 3.31 प्रतिशत मिले। उत्तराखंड क्रांति दल के खाते में 58,218 वोट आए, जो कुल मतदान का 1.08 प्रतिशत था।

इन चारों का संयुक्त वोट शेयर 14.79 प्रतिशत रहा। कुल मिलाकर 7,95,782 मतदाताओं ने इन दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया था। यही आंकड़ा 2027 के चुनाव से पहले गठबंधन की संभावनाओं को राजनीतिक चर्चा में ला रहा है।

 

पांच साल में बदला भाजपा-कांग्रेस का वोट शेयर

2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों की तुलना करें तो दोनों राष्ट्रीय दलों के बीच मुकाबला पहले से ज्यादा करीबी हुआ है।

2017 में भाजपा को 46.51 प्रतिशत और कांग्रेस को 33.49 प्रतिशत वोट मिले थे। दोनों के बीच अंतर 13.02 प्रतिशत था। 2022 में भाजपा का वोट शेयर घटकर 44.33 प्रतिशत रह गया, जबकि कांग्रेस का बढ़कर 37.91 प्रतिशत हो गया। इस तरह दोनों के बीच का अंतर घटकर 6.42 प्रतिशत रह गया।

वहीं छोटे दलों के प्रदर्शन में भी बदलाव देखने को मिला। 2017 में निर्दलीय प्रत्याशियों को करीब 10 प्रतिशत और बसपा को 6.98 प्रतिशत वोट मिले थे। 2022 में निर्दलीयों का वोट शेयर 5.58 प्रतिशत और बसपा का 4.82 प्रतिशत रह गया। यूकेडी का वोट शेयर 2017 के करीब 0.74 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में 1.08 प्रतिशत हो गया।

हालांकि वोट प्रतिशत का यह गणित अपने आप में किसी गठबंधन की सफलता की गारंटी नहीं है। इन दलों के मतदाताओं के अलग-अलग सामाजिक, क्षेत्रीय और राजनीतिक आधार हैं।

सीटों की लड़ाई में छोटे दलों की भूमिका हो सकती है अहम

उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों पर कई बार जीत और हार का फैसला बेहद कम मतों से होता है। ऐसे में यदि छोटे दल और मजबूत निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव से पहले आपसी तालमेल बना लेते हैं, तो कई विधानसभा क्षेत्रों के समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।

लेकिन यहां एक बड़ा सवाल भी है। क्या अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा और क्षेत्रीय आधार वाले दल अपने मतदाताओं को एक साझा मंच पर ला पाएंगे? क्योंकि किसी दल को मिले कुल वोट और गठबंधन के बाद मिलने वाले वोट एक जैसे हों, यह जरूरी नहीं है।

UKD ने शुरू की छोटे दलों को एकजुट करने की पहल

तीसरे मोर्चे की संभावनाओं के बीच उत्तराखंड क्रांति दल ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी कुछ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है और अन्य क्षेत्रों में गठबंधन की संभावनाओं पर भी विचार कर रही है।

यूकेडी की कोशिश है कि छोटे क्षेत्रीय दलों और मजबूत निर्दलीय प्रत्याशियों को एक मंच पर लाकर चुनाव लड़ा जाए।

पार्टी नेता शांति प्रसाद भट्ट का कहना है कि यूकेडी हमेशा राज्य के स्थानीय मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है। उनका मानना है कि छोटे दलों को एकजुट होकर जनता के बीच जाना चाहिए और इस बार स्थानीय पार्टी को सत्ता तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।

भाजपा का साफ रुख, अपने दम पर चुनाव लड़ने की तैयारी

तीसरे मोर्चे की चर्चाओं के बीच भाजपा फिलहाल किसी अन्य दल के साथ गठबंधन की जरूरत नहीं मान रही है। पार्टी का कहना है कि उत्तराखंड में उसका अपना मजबूत जनाधार है और वह आगामी विधानसभा चुनाव भी अपने दम पर लड़ेगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र भसीन के मुताबिक, केंद्र और राज्य सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए संकल्पबद्ध होकर काम कर रही हैं। उनका कहना है कि जनता ने लगातार दस साल से भाजपा पर विश्वास जताया है। भाजपा राज्य में लगातार दो बार विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाने वाली पहली पार्टी है। ऐसे में पार्टी को किसी दूसरे दल के साथ गठबंधन की आवश्यकता नहीं है और वह फिर से अपने दम पर सरकार बनाएगी।

कांग्रेस की रणनीति अलग, भाजपा विरोधी दलों को साथ लाने पर जोर

कांग्रेस का रुख भी तीसरे मोर्चे की कोशिशों से अलग नजर आता है। पार्टी फिलहाल छोटे दलों के साथ अलग गठबंधन बनाने के बजाय भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले दलों को अपने साथ लाने की रणनीति पर जोर दे रही है।

कांग्रेस का मानना है कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना चाहिए, ताकि भाजपा विरोधी वोटों का बंटवारा रोका जा सके।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल बिष्ट का कहना है कि भाजपा को सत्ता से हटाना प्राथमिकता होनी चाहिए और इसके लिए सभी दलों को कांग्रेस का साथ देना चाहिए।

इस तरह एक तरफ यूकेडी छोटे दलों और निर्दलीयों को मिलाकर तीसरा मोर्चा बनाने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस चाहती है कि भाजपा विरोधी दल उसके साथ आएं।

गठबंधन की राह में सबसे बड़ी बाधा सीटों का बंटवारा

तीसरे मोर्चे की चर्चा जितनी दिलचस्प है, उसे जमीन पर उतारना उतना ही मुश्किल दिखाई देता है। इसकी सबसे बड़ी वजह अलग-अलग दलों के अपने राजनीतिक हित और विधानसभा क्षेत्रों में मौजूद दावेदार हैं।

बसपा का अपना सामाजिक आधार है, यूकेडी राज्य आंदोलन और क्षेत्रीय मुद्दों की राजनीति करती रही है, जबकि आम आदमी पार्टी ने 2022 के चुनाव में 3.31 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रभाव भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के स्थानीय समीकरणों पर निर्भर करता है।

ऐसे में सभी दलों के बीच सीटों को लेकर सहमति बनाना आसान नहीं होगा। यदि किसी विधानसभा क्षेत्र में एक से अधिक दल अपने प्रत्याशी उतारने पर अड़े रहते हैं, तो गठबंधन की पूरी रणनीति प्रभावित हो सकती है।

इसके अलावा साझा चुनावी एजेंडा तैयार करना भी एक बड़ी चुनौती होगी। बेरोजगारी, पलायन, भू-कानून, मूल निवास, पहाड़ और मैदान के विकास में असमानता, स्थानीय संसाधनों पर अधिकार और सरकारी सेवाओं से जुड़े मुद्दे क्षेत्रीय दलों की राजनीति का अहम हिस्सा रहे हैं। इन सभी विषयों पर एक साझा रुख तय करना भी आसान नहीं होगा।

पहले भी हुईं गठबंधन की कोशिशें, लेकिन नहीं बन पाई बात

उत्तराखंड में छोटे दलों को एक मंच पर लाने की कोशिशें पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन ये प्रयास सफल नहीं हो पाए। अलग-अलग राजनीतिक हित, सीटों पर दावेदारी और साझा रणनीति की कमी गठबंधन की राह में बाधा बनती रही है।

2027 के चुनाव से पहले एक बार फिर छोटे दलों को एकजुट करने की चर्चा तेज है। हालांकि अभी तक ऐसा कोई साझा राजनीतिक मंच या गठबंधन सामने नहीं आया है, जो इन दलों को एक साथ चुनाव लड़ने के लिए तैयार कर सके।

अब 2027 के चुनाव में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 14.79 प्रतिशत वोट शेयर रखने वाले छोटे दल और निर्दलीय प्रत्याशी क्या एकजुट हो पाएंगे? क्या यूकेडी की तीसरे मोर्चे की कोशिश रंग लाएगी या फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला सिमटकर रह जाएगा?

उत्तराखंड का पिछला चुनावी गणित गठबंधन की संभावनाओं की ओर इशारा जरूर करता है, लेकिन इन वोटों को एक राजनीतिक ताकत में बदलना ही असली परीक्षा होगी।

ये भी पढ़ें-जिले में भव्य रूप से आयोजित होगा दिशा-ध्याणी कार्यक्रम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *