लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी की तैयारी! परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी, 850 सीटों का प्रस्ताव
नई दिल्ली: देश की संसदीय राजनीति में बड़ा बदलाव लाने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई है। इस विधेयक में लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसके तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 तक किए जाने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, परिसीमन से जुड़े नए महिला आरक्षण विधेयक को भी कुछ संशोधनों के साथ मंजूरी मिलने की बात सामने आई है।
कैबिनेट का यह फैसला 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले आया है। माना जा रहा है कि सरकार इस सत्र में दोनों विधेयकों को संसद में पेश कर पारित कराने की कोशिश करेगी। इसके लिए भाजपा अपने सांसदों को व्हिप जारी कर लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान अनिवार्य रूप से मौजूद रहने का निर्देश दे सकती है।
महिला आरक्षण और परिसीमन को जोड़ने की तैयारी
कैबिनेट की बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े नए विधेयक पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, इसमें कुछ बदलाव किए गए हैं, जिनका उद्देश्य परिसीमन के बाद राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के प्रतिनिधित्व में संतुलन बनाए रखना है। प्रस्तावित संशोधनों के तहत यह सुनिश्चित करने की कोशिश है कि परिसीमन के बाद किसी राज्य की लोकसभा में हिस्सेदारी दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो।
गौरतलब है कि सरकार इससे पहले अप्रैल में हुए संसद के विशेष सत्र के दौरान भी यह विधेयक लेकर आई थी, लेकिन तब इसे लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल पाई थी। अब सरकार का दावा है कि विधेयक को पारित कराने के लिए उसके पास पर्याप्त सांसदों का समर्थन है। हालांकि, संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए लोकसभा और राज्यसभा दोनों में दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी।
विपक्षी INDIA गठबंधन करेगा रणनीति पर चर्चा
विधेयक को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) और भारत राष्ट्र समिति (BRS) से इस प्रस्ताव को समर्थन मिलने की उम्मीद है। वहीं, विपक्षी INDIA गठबंधन इसके विरोध में है। गठबंधन के नेता शनिवार को बैठक कर आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
3 दिसंबर तक चलेगा संसद का विशेष सत्र
लोकसभा सचिवालय की घोषणा के मुताबिक, 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा भाग 30 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चलने की उम्मीद है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।
हालांकि, सरकार ने अभी तक संसद के इस सत्र का पूरा विधायी एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया है। इसके बावजूद परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। संसद का पिछला मानसून सत्र 13 अगस्त को समाप्त हुआ था।
चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा की अहम बैठक
इधर, दिल्ली के पूसा परिसर में शुक्रवार और शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और राज्य प्रभारियों की दो दिवसीय बैठक भी आयोजित की जा रही है। इस बैठक में पार्टी की राजनीतिक रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और सरकार के साथ बेहतर समन्वय पर चर्चा हो रही है।
पार्टी नेतृत्व उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा समेत पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा कर रहा है। बैठक में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने और चुनाव प्रचार की रणनीति पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है।
नई संगठनात्मक टीम के कार्यभार संभालने के बाद राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह दूसरी बैठक है।
अब सबकी नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र पर है। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में क्या रुख सामने आता है, यह आने वाले दिनों में देश की राजनीतिक तस्वीर के लिहाज से अहम होगा।

