उत्तराखंडराजनीति

CM धामी की कैबिनेट में बड़े फैसलों की तैयारी, आंगनबाड़ी, PRD और गेस्ट टीचर्स को मिल सकती है सौगात

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज, 27 नवंबर को मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी होने के बाद इस बैठक को कई मायनों में अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इसमें कर्मचारियों की लंबित मांगों से लेकर सरकार की विभिन्न योजनाओं और घोषणाओं से जुड़े प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण फैसले हो सकते हैं।

बैठक में सबसे ज्यादा नजरें आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, अतिथि शिक्षकों, पीआरडी जवानों और सफाई कर्मचारियों से जुड़े प्रस्तावों पर रहेंगी। इन सभी वर्गों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं। ऐसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और गेस्ट फैकल्टी का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव पर फैसला होने की संभावना है। इसके साथ ही पीआरडी जवानों और सफाई कर्मचारियों की मांगों पर भी सरकार विचार कर सकती है।

सरकारी घोषणाओं को पूरा करने पर भी रहेगा जोर

कैबिनेट की बैठक में अलग-अलग विभागों से जुड़े कई प्रस्तावों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से की गई घोषणाओं को मंजूरी देने पर भी विचार हो सकता है। सरकार की कोशिश है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले घोषणाओं को पूरा करने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जाएं।

बैणी-भुली योजना की पहली किस्त पर नजर

बैठक में बैणी-भुली योजना को लेकर भी अहम निर्णय संभव है। राज्य सरकार ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 5 लाख महिलाओं को इस योजना के तहत प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है। दिसंबर महीने में इसकी पहली किस्त जारी की जानी है, लेकिन अभी तक प्रोत्साहन राशि निर्धारित नहीं हुई है। ऐसे में आज की बैठक में राशि कितनी होगी और पहली किस्त कब जारी की जाएगी, इस पर निर्णय होने की उम्मीद है।

बिजली बिल के सरचार्ज पर भी हो सकता है फैसला

इसके अलावा किसानों और आम लोगों के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाले सरचार्ज को माफ करने का प्रस्ताव भी बैठक में आ सकता है। यदि इस पर सहमति बनती है तो इससे बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है।

कुल मिलाकर, आज होने वाली कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों की मांगों, महिला स्वयं सहायता समूहों, बिजली उपभोक्ताओं और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर सबकी निगाहें रहेंगी। हालांकि, इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला मंत्रिमंडल की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगा।

ये भी पढ़ें-रुद्रपुर में दो खूनी वारदातें, हंगामा रोकने पर गार्ड की हत्या; पिता ने बेटे पर किया जानलेवा हमला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *