उत्तराखंडराजनीति

उत्तराखंड कांग्रेस का भ्रष्टाचार और अंकिता केस पर लोक भवन मार्च, बैरिकेडिंग पर चढ़े नेता, पुलिस से धक्का-मुक्की

प्रदेशभर से जुटे कांग्रेसियों ने हस्ताक्षर अभियान से मिले समर्थन को राज्यपाल तक पहुंचाने के लिए निकाला मार्च, हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग पर चढ़े कई वरिष्ठ नेता

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज होने लगी है। प्रदेश में कथित भ्रष्टाचार और अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को देहरादून में शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के तहत जुटाए गए हस्ताक्षरों को राज्यपाल तक पहुंचाने के लिए पार्टी ने लोक भवन मार्च निकाला। कांग्रेस ने इसे ‘संविधान रक्षा मार्च’ नाम दिया।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में निकले इस मार्च में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता देहरादून पहुंचे। मार्च से पहले कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा। यहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

हाथीबड़कला में बैरिकेडिंग पर रोका गया मार्च

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का काफिला लोक भवन की ओर बढ़ा, लेकिन हाथीबड़कला में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी हस्ताक्षरों से भरे बैनर और पोस्टर्स की पोटली गले में लटकाकर विरोध जताने लगे। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।

कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करते नजर आए। भ्रष्टाचार के आरोपों और संविधान की मूल भावना के अपमान के विरोध में नारेबाजी हुई। काफी देर तक पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी होती रही।

कुमारी सैलजा ने दिलाई संविधान रक्षा की शपथ

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में संवैधानिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों का हनन हो रहा है। सैलजा ने कहा कि कांग्रेस के हस्ताक्षर अभियान के जरिए प्रदेश के लाखों लोगों की पीड़ा और आक्रोश को एकत्र किया गया है। इसी जनभावना को लोक भवन के माध्यम से राज्य के संवैधानिक प्रमुख तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है। पार्टी जनहित और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी। सैलजा ने प्रदेश में अपराध बढ़ने और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किए जाने के भी आरोप लगाए।

यशपाल आर्य ने मौलिक अधिकारों का उठाया मुद्दा

मार्च में शामिल नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के नागरिकों को जो मौलिक अधिकार और कर्तव्य दिए हैं, उन्हें जनता से छीना जा रहा है। उन्होंने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

वहीं, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने राज्यभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया था। पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से एकत्र किए गए हस्ताक्षरों को राज्यपाल को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भागीदारी की।

भ्रष्टाचार के साथ अंकिता भंडारी हत्याकांड भी बना मुद्दा

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार के मंत्रियों पर लगे कथित भ्रष्टाचार के आरोपों का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि इसे लेकर जनता में नाराजगी है। माहरा ने आरोप लगाया कि धामी सरकार ऐसे मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति नहीं दे रही है।

उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले को लेकर भी लोगों में काफी आक्रोश है। कांग्रेस ने इन्हीं मुद्दों को लेकर लोक भवन तक मार्च निकाला है।

कुल मिलाकर कांग्रेस का यह मार्च प्रदेश सरकार के खिलाफ राजनीतिक विरोध दर्ज कराने के साथ ही हस्ताक्षर अभियान के जरिए जुटाए गए जनसमर्थन को राज्यपाल तक पहुंचाने की कोशिश रहा। बैरिकेडिंग पर प्रदर्शन और पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की ने इस मार्च को और चर्चा में ला दिया।

ये भी पढ़ें-उत्तराखंड में 34 अफसरों के तबादले, 6 जिलों को नए कप्तान

ये भी पढ़ें-कालसी में बड़ा सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, दो लोगों की मौत, पांच घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *