कालसी में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी बोलेरो; 2 साल की मासूम समेत 2 की मौत, 5 घायल
हिमाचल से नेपाल लौट रहे थे वाहन सवार, धमोग मंदिर के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी जीप
देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा हरिपुर कोटी मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर से पहले हुआ, जहां हिमाचल प्रदेश की ओर से विकासनगर आ रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के वक्त वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे।
रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही कालसी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। खाई की गहराई और दुर्गम स्थिति के बीच बचाव दल ने नीचे उतरकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं।
दो साल की मासूम और 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान राधिका (2 वर्ष), पुत्री डमर और नरबहादुर (56 वर्ष), पुत्र गंगा बहादुर के रूप में हुई है। दोनों नेपाल के अछाम कटारी के निवासी थे।
वहीं, घायलों में वाहन चालक चमन लाल (45 वर्ष), पुत्र हर्सू निवासी चडगांव, शिमला (हिमाचल प्रदेश), डमर (32 वर्ष), पुत्र नरबहादुर निवासी ठकारी, जिला अछाम, नेपाल, निशा (14 वर्ष), पुत्री दिनेश निवासी कंचनपुर, जिला अछाम, नेपाल, उर्मिला (30 वर्ष), पत्नी डमर और प्रदीप (5 वर्ष), पुत्र डमर शामिल हैं।
हिमाचल में काम खत्म कर लौट रहे थे नेपाल
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग नेपाली मजदूर थे। ये लोग हिमाचल प्रदेश में काम खत्म करने के बाद अपने घर नेपाल लौट रहे थे। इसी दौरान कालसी क्षेत्र में उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
कालसी थाने के एसएसआई नीरज कठैत के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी वाहन सवारों को जल्द अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दो लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

