राजनीतिराष्ट्रीय

संविधान दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, विकसित भारत के निर्माण में संविधान को बताया मार्गदर्शक

26 नवंबर को देशभर में मनाया जा रहा संविधान दिवस, बाबासाहेब अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। भारत आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए संविधान निर्माताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में देश का मार्गदर्शन करता रहेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में सभी देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को श्रद्धापूर्वक याद किया। पीएम मोदी ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने देश को जो अमूल्य उपहार दिया है, वह भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी विरासतों में से एक है।

उन्होंने यह भी कहा कि संविधान दिवस केवल संविधान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि इसमें निहित मूल्यों को मजबूत करने के अपने संकल्प को दोहराने का दिन भी है। संविधान निर्माताओं की शिक्षाएं विकसित भारत के निर्माण में लगातार प्रेरणा देती रहेंगी।

26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?

भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। हालांकि, संविधान 26 जनवरी 1950 से लागू हुआ। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है।

नागरिकों के बीच संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने 19 नवंबर 2015 को 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने के फैसले को अधिसूचित किया था। यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया था। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की थी।

बीजेपी मनाएगी संविधान गौरव दिवस, कई वरिष्ठ नेता करेंगे कार्यक्रमों को संबोधित

संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी भी देशभर में ‘संविधान गौरव दिवस’ के तहत विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना के ज्ञान भवन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे भारतीय संविधान के महत्व और इसके प्रमुख शिल्पकार डॉ. बीआर अंबेडकर की विरासत पर अपने विचार रखेंगे।

वहीं, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह नई दिल्ली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी संविधान दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में अपनी बात रखेंगी। इस कार्यक्रम में दिल्ली के सभी सांसदों और आमंत्रित बुद्धिजीवियों की मौजूदगी रहेगी।

इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में आयोजित दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

संविधान दिवस के जरिए देश एक बार फिर उस ऐतिहासिक अवसर को याद कर रहा है, जब संविधान सभा ने स्वतंत्र भारत के लोकतांत्रिक ढांचे की नींव रखने वाले संविधान को अपनाया था। यह दिन संविधान के आदर्शों, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का भी अवसर है।

ये भी पढ़ें-उत्तराखंड में 34 अफसरों के तबादले, 6 जिलों को नए कप्तान

One thought on “संविधान दिवस पर पीएम मोदी का संदेश, विकसित भारत के निर्माण में संविधान को बताया मार्गदर्शक”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *