उत्तराखंड

उत्तराखंड में 34 अफसरों के तबादले, 6 जिलों को नए कप्तान

उत्तराखंड में चुनाव से पहले प्रशासनिक और पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। शासन ने बुधवार देर रात अधिकारियों की दो अलग-अलग तबादला सूची जारी कर कुल 34 अफसरों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया है। इनमें 12 IAS, 17 IPS, दो PCS और सचिवालय सेवा के दो अधिकारी शामिल हैं। इस बदलाव में छह जिलों के पुलिस कप्तान भी बदल दिए गए हैं। नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चमोली और बागेश्वर को नए पुलिस कप्तान मिले हैं।

IAS अधिकारियों के विभागों में बड़ा बदलाव

प्रशासनिक फेरबदल में एलएल फैनई को एक बार फिर प्रमुख सचिव आबकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, दिलीप जावलकर से सचिव वित्त का प्रभार वापस ले लिया गया है। रंजीत कुमार सिन्हा को सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा बनाया गया है, जबकि उनसे सचिव तकनीकी शिक्षा की जिम्मेदारी हटा दी गई है।

खनन और आबकारी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे बृजेश कुमार संत से ये दोनों विभाग वापस लेकर उन्हें सचिव खेल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, डॉ. आर. राजेश कुमार को सचिव औद्योगिक विकास (खनन) और महानिदेशक खनन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

युगल किशोर पंत को सचिव तकनीकी शिक्षा बनाया गया है। रंजना राजगुरु को सचिव नियोजन की जिम्मेदारी दी गई है। उनसे सचिव आयुष एवं आयुष शिक्षा का प्रभार वापस लिया गया है।

अमित सिन्हा से खेल विभाग की जिम्मेदारी वापस

आईपीएस अधिकारी अमित सिन्हा से विशेष प्रमुख सचिव खेल की जिम्मेदारी हटा दी गई है। वहीं, रीना जोशी को अपर सचिव श्रम विभाग बनाया गया है। विनीत कुमार को अपर सचिव जलागम के साथ अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

मनोज गोयल को अपर सचिव वित्त और मेहरबान सिंह बिष्ट को अपर सचिव गृह विभाग की जिम्मेदारी मिली है। अभिनव शाह को अपर सचिव सहकारिता के साथ निबंधक सहकारिता बनाया गया है।

PCS अधिकारियों में बीएस चलाल को निदेशक दुग्ध विकास और निदेशक महिला डेयरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, PCS इलागिरि को आयुक्त नागरिक आपूर्ति बनाया गया है।

सचिवालय सेवा में भी बदलाव करते हुए विक्रम सिंह यादव से अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है। महिमा रौंकली को अपर सचिव वन बनाया गया है।

छह जिलों में नए पुलिस कप्तान तैनात

पुलिस महकमे में हुए फेरबदल के तहत छह जिलों को नए कप्तान मिले हैं। इनमें नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, चमोली और बागेश्वर शामिल हैं।

नैनीताल में मंजूनाथ टीसी से एसएसपी की जिम्मेदारी वापस लेकर उन्हें सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी बनाया गया है। उनकी जगह अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

ऊधम सिंह नगर में मणिकांत मिश्र को एसएसपी की जिम्मेदारी दी गई है। पौड़ी गढ़वाल में देवेंद्र पींचा को नया एसएसपी बनाया गया है। टिहरी में सरिता डोभाल को एसएसपी नियुक्त किया गया है। चमोली में अमित श्रीवास्तव-2 को पुलिस अधीक्षक बनाया गया है, जबकि बागेश्वर में जगदीश चंद्र को एसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

IPS अधिकारियों की अन्य जिम्मेदारियों में भी बदलाव

अन्य पुलिस अधिकारियों की तैनाती में भी बदलाव किया गया है। अमित श्रीवास्तव-1 को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है। पंकज भट्ट को सेनानायक आईआरबी प्रथम और श्वेता चौबे को सेनानायक आईआरबी की जिम्मेदारी दी गई है।

विशाखा अशोक को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। अजय गणपति को सेनानायक एसडीआरएफ बनाया गया है। सर्वेश पंवार को पुलिस अधीक्षक सुरक्षा की जिम्मेदारी मिली है। जितेंद्र मेहरा और सुरजीत पंवार को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय बनाया गया है।

वहीं, हरीश वर्मा को सेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर और शाहजहां अंसारी को पुलिस अधीक्षक फायर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस तरह शासन के एक बड़े प्रशासनिक फैसले के तहत प्रदेश के सचिवालय से लेकर पुलिस मुख्यालय और जिला स्तर तक अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। चुनाव से पहले हुए इस व्यापक फेरबदल में प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था के कई अहम पदों पर नई तैनाती की गई है।

 

2 thoughts on “उत्तराखंड में 34 अफसरों के तबादले, 6 जिलों को नए कप्तान”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *