हैदराबाद में 26/11 जैसे हमले की धमकी से हड़कंप, शहर में हाई अलर्ट
हैदराबाद में आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। लश्कर-ए-तैयबा के नाम से भेजे गए ईमेल में रेलवे स्टेशन और होटल को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में एक धमकी भरे ईमेल ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। ईमेल में मुंबई में हुए 26/11 जैसे बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने की चेतावनी दी गई है। संदेश कथित तौर पर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के नाम से भेजा गया है। इसके बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
हालांकि, शुरुआती जांच के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने इस धमकी को अफवाह या किसी शरारती तत्व की करतूत होने की आशंका जताई है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं है।
काचीगुडा रेलवे स्टेशन और होटल को उड़ाने की धमकी
पुलिस की स्पेशल ब्रांच को मिले ईमेल में हैदराबाद के काचीगुडा रेलवे स्टेशन और इसी इलाके में स्थित होटल टूरिस्ट प्लाजा को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति ने दावा किया है कि इन धमाकों में कम से कम 300 लोगों की जान जा सकती है।
धमकी भरे संदेश में हमले की वजह भी बताई गई है। इसमें दावा किया गया है कि जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना की कार्रवाई में आतंकी लतीफ भट और उसके साथियों के मारे जाने का बदला लेने के लिए इस हमले को अंजाम दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें-टाटा स्टील की ₹28,000 करोड़ की मेगा डील, APL अपोलो खरीदेगी दो बड़े कारोबार
पुलिस के आला अधिकारियों ने जारी किया हाई अलर्ट
धमकी की जानकारी मिलते ही हैदराबाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा इंतजामों को सक्रिय कर दिया। पुलिस स्पेशल ब्रांच के संयुक्त आयुक्त ने शहर के सभी पुलिस थानों के प्रभारियों (SHO), एसीपी, डीसीपी, ट्रैफिक पुलिस और टास्क फोर्स के अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
इसके बाद बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वाड और एंटी-सैबोटाज टीमों ने काचीगुडा रेलवे स्टेशन और होटल टूरिस्ट प्लाजा में सघन तलाशी अभियान चलाया। दोनों स्थानों की जांच की गई, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।
सिर्फ इन दो स्थानों तक ही सुरक्षा व्यवस्था सीमित नहीं रखी गई है। शहर के दूसरे रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, प्रमुख होटलों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है।
ईमेल भेजने वाले की तलाश में साइबर क्राइम टीम
धमकी के पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने के लिए हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटी हैं। जांच अधिकारी ईमेल के आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट्स को ट्रैक कर रहे हैं।
जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि ईमेल वास्तव में किसी आतंकी संगठन की साजिश का हिस्सा है या फिर किसी शरारती तत्व ने शहर में दहशत फैलाने के इरादे से यह संदेश भेजा है।
पुलिस की जनता से अपील, अफवाहों से बचें
इस बीच हैदराबाद सिटी पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और घबराने से बचने की अपील की है। पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर भरोसा न करें।
साथ ही लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यदि कहीं कोई लावारिस वस्तु, संदिग्ध वाहन या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
फिलहाल धमकी भरे ईमेल की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। शुरुआती तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलने के बावजूद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जा रही है।
ये भी पढ़ें-रोजाना काजू खाने से सेहत को मिल सकते हैं कई फायदे, दिल से लेकर दिमाग तक के लिए है फायदेमंद

