उत्तराखंड

पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार को मंजूरी, ₹375.33 करोड़ खर्च, सालाना 10 लाख से अधिक यात्री भरेंगे उड़ान

देहरादून: उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। ऊधम सिंह नगर स्थित पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। विस्तार के बाद एयरपोर्ट से हर साल 10.1 लाख से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस परियोजना के लिए किसी भी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा।

1,372 से बढ़कर 3,000 मीटर होगा रनवे

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की योजना के तहत एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर की जाएगी। यानी इसमें 1,628 मीटर की बढ़ोतरी होगी। इससे यहां बड़े विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी।

इसके अलावा टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर में नया निर्माण होगा। विमान पार्किंग स्थलों की संख्या दो से बढ़ाकर सात की जाएगी। वहीं, टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक से बढ़ाकर दो-दो होगी।

321.48 हेक्टेयर में फैलेगा एयरपोर्ट

विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें 109.017 हेक्टेयर मौजूदा एयरपोर्ट की जमीन और 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल होगी। इसके लिए समतल कृषि और खुली भूमि का इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना में किसी परिवार को विस्थापित करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

एयरपोर्ट की बिजली की मांग 1.6 मेगावाट और पानी की जरूरत 154 किलोलीटर प्रतिदिन होगी। प्रतिदिन निकलने वाले 136 किलोलीटर गंदे पानी के उपचार के लिए 165 किलोलीटर क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। इसके अलावा 72 किलोवाट का नया सौर संयंत्र स्थापित होगा, जिससे कुल सौर ऊर्जा क्षमता 160 से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण के तहत मौजूदा 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र के अतिरिक्त करीब पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। परियोजना से सालाना लगभग 505 टन ठोस कचरा निकलने का अनुमान है।

दो बैठकों के बाद मिली पर्यावरणीय मंजूरी

परियोजना के लिए 19 सितंबर 2025 को SEIAA ने संदर्भ शर्तें जारी की थीं। इसके बाद 10 मार्च 2026 को उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जन सुनवाई कराई। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने 29 जून 2026 को परिवेश पोर्टल पर प्रस्ताव और अंतिम पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट जमा की।

राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति (SCEIA) ने 7 अक्टूबर 2026 को पहली बैठक में प्रस्ताव पर विचार कर अतिरिक्त जानकारी मांगी थी। इसके बाद 3 नवंबर 2026 को देहरादून के गौरा देवी पर्यावरण भवन में हुई बैठक में परियोजना के पर्यावरणीय प्रभावों और प्रबंधन योजना की समीक्षा की गई। समिति की संस्तुति के आधार पर SEIAA ने परियोजना को मंजूरी दे दी।

पर्यटन और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को कुमाऊं के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि बड़े विमानों की आवाजाही शुरू होने से पर्यटन, उद्योग और रोजगार को नई गति मिलेगी। साथ ही आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में भी एयरपोर्ट अधिक उपयोगी साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के दौरान किसी भी परिवार को विस्थापित नहीं किया जाएगा और पर्यावरण से जुड़ी सभी शर्तों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। राज्य सरकार केंद्र सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ मिलकर इस काम को निर्धारित समय में पूरा कराने का प्रयास करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *