uttar bharat liveउत्तराखंड

उत्तराखंड में 8 घंटे में 2 भीषण हादसे, 13 की मौत, 31 घायल; राष्ट्रपति और PM ने जताया दुख

टिहरी के गूलर में पुल से नीचे गदेरे में गिरी यात्रियों से भरी बस, 9 की गई जान; रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि में बारातियों की जीप खाई में समाई, 4 लोगों की मौत

उत्तराखंड में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। महज आठ घंटे के भीतर टिहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिले में हुए दो भीषण हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। एक ओर रुद्रप्रयाग में शादी समारोह से लौट रही बारात की जीप गहरी खाई में जा गिरी, तो दूसरी ओर टिहरी के गूलर में यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में गिर गई। दोनों घटनाओं के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। हादसों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, खाई में गिरी बारातियों की जीप

पहला हादसा सोमवार रात करीब 9 बजे रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में हुआ। पोखरी में शादी समारोह संपन्न होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रही जीप अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रात का अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने बचाव दल का सहयोग किया, जिसके बाद घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेस अस्पताल श्रीनगर गढ़वाल रेफर किया गया है। इनमें चार लोगों की हालत बेहद गंभीर बताई गई है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

इस हादसे के बाद रांसी, गोंडार समेत आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां इस दुर्घटना ने मातम पसार दिया।

गूलर में पुल से नीचे गिरी बस, 9 यात्रियों की मौत

रुद्रप्रयाग हादसे के कुछ ही घंटे बाद मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे टिहरी गढ़वाल के गूलर के पास दूसरा बड़ा सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर आगे देवप्रयाग की ओर यात्रियों से भरी एक बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी।

यह बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। जानकारी के अनुसार, बस ने सवा तीन बजे हरिद्वार से अपनी यात्रा शुरू की थी। ऋषिकेश में कुछ देर रुकने के बाद बस आगे के लिए रवाना हुई, लेकिन गूलर के पास यह भीषण दुर्घटना का शिकार हो गई।

हादसे के समय बस में कुल 34 लोग सवार थे। बस पुल से नीचे गिरने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। गूलर, शिवपुरी और व्यासी चौकी से भी बचाव दलों को घटनास्थल पर भेजा गया।

रेस्क्यू टीमों ने तत्काल अभियान शुरू किया। बस के बुरी तरह पिचक जाने के कारण यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।

एम्स और राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराए गए घायल

अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है।

घायलों में से 18 लोगों को एम्स ऋषिकेश और सात लोगों को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

मुनिकीरेती थाने के इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने भी बस में 34 यात्रियों के सवार होने, नौ लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, बस का मालिक ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र का निवासी है। उसने कुछ दिन पहले ही नई बस खरीदी थी।

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख

टिहरी गढ़वाल के गूलर में हुए बस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख व्यक्त किया है।

एक के बाद एक सामने आए इन दोनों हादसों ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया है। आठ घंटे के भीतर 13 लोगों की जान जाने और 31 लोगों के घायल होने से कई परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी समारोह से लौटते बाराती हों या अपने गंतव्य की ओर जा रहे बस यात्री, दोनों हादसों ने कई परिवारों की जिंदगी बदल दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *